Raisen News: रायसेन में ‘उन्नत कृषि महोत्सव’ का आगाज, CM मोहन यादव ने लॉन्च किया ‘ई-फॉर्म्स’ एप

रायसेन में उन्नत कृषि महोत्सव 2026 शुरू। CM मोहन यादव, राजनाथ सिंह और शिवराज सिंह चौहान ने की शिरकत। किसानों के लिए 'ई-फॉर्म्स' एप लॉन्च और ₹2625 में गेहूं खरीदी की घोषणा।

मध्यप्रदेश के अन्नदाता के लिए 11 अप्रैल का दिन बेहद खास रहा. उन्हें बीज से बाजार तक का रास्ता दिखाया गया. उनकी जानकारी के लिए बीज, उर्वरक, उद्यान, सिंचाई प्रबंधन, बैंक से संबंधित समस्याओं का हल, मशीनों का प्रदर्शन किया गया. किसानों को कई तरह के स्टॉल द्वारा किसानी के कई पहलुओं की जानकारी दी गई. कार्यक्रम में किसानों के लिए ‘ई-फॉर्म्स’ एप भी लॉन्च किया गया.

मौका था रायसेन के दशहरा मैदान पर आयोजित ‘उन्नत कृषि महोत्सव 𝟐𝟎𝟐𝟔’ का. कार्यक्रम में कई योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित किया गया. उन्नत कृषि महोत्सव 13 अप्रैल तक आयोजित किया जाएगा. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ-साथ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित कई जन-प्रतिनिधि भी मौजूद थे.

खेत में किसान, सीमा पर जवान

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दुनिया में भारत की अलग छवि बन रही है. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के हाथों मध्य प्रदेश में बीईएमएल के पहले रेल कारखाने का भूमिपूजन हुआ है. वे मध्यप्रदेश के लिए शुभंकर हैं. केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में देश कृषि क्षेत्र में तेजी से विकास कर रहा है. खेत में किसान और सीमा पर जवान हमारे लिए दोनों बराबर सम्मान रखते हैं. रक्षा मंत्री सिंह की उपस्थिति में यह आयोजन दोनों की गरिमा बढ़ाने वाला है. देश की सीमाएं सुरक्षित हैं.

उन्होंने कहा कि इस वर्ष प्रति क्विंटल 40 रुपए का बोनस देकर किसानों को 2625 रुपए मूल्य पर गेहूं खरीदा जा रहा है. प्रदेश में सिंचाई का रकबा भी बढ़ा है. उन्होंने कहा कि प्रदेश के किसानों को अब दिन में भी सिंचाई के लिए बिजली मिल रही है. प्रधानमंत्री मोदी ने गरीब, किसान, युवा और नारी के कल्याण के लिए योजनाओं की शुरुआत की है. राज्य सरकार ने इस वर्ष को किसान कल्याण वर्ष घोषित किया है. रायसेन में उन्नत कृषि महोत्सव का आयोजन किसान भाइयों के लिए अद्भुत है. प्रदेश में विकास का कारवां निरंतर जारी रखने के लिए हमारी सरकार कृत संकल्पित है.

लाभकारी सिद्ध होगा यह महोत्सव

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि रायसेन की धरती पर उन्नत कृषि महोत्सव किसानों की तकदीर बदलने के लिए लाभकारी सिद्ध होगा. यह कृषि महोत्सव में किसानों को सरकारी योजनाओं के साथ बिचौलियों से मुक्त बाजार सहित अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां दी जाएंगी. मध्य प्रदेश विकास के पथ पर लगातार आगे बढ़ रहा है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव लगन के साथ प्रदेश को आगे बढ़ा रहे हैं. उन्होंने देश के हृदय प्रदेश को एक अलग पहचान दी है. प्रदेश के किसान देश की ताकत हैं, आप सभी हर थाली में अन्न उपलब्ध कराते हैं.

किसान हमारे देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं. उन्होंने कहा कि खेती एक चुनौतीपूर्ण कार्य है. भारत सरकार ने किसान भाइयों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड दिए हैं. किसान भाई पता लगा पा रहे हैं कि कौन सी फसल ली जा सकती है और कितना खाद डालना है. हमारी सरकार ने फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य बढ़ाया है. किसानों के कल्याण के लिए धन की कमी कभी आड़े नहीं आएगी.

हॉर्टिकल्चर का हब बनाने का मिशन

कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार वर्ष-2026 को कृषि कल्याण वर्ष के रूप में मना रही है. आज रायसेन की इस पवित्र धरा पर ज्ञान-विज्ञान-अनुसंधान-किसान का महासंगम हो रहा है. किसान सबसे बड़ा वैज्ञानिक होता है, लेकिन आधुनिक तकनीक और कृषि पद्धतियों को सीखने-समझने का अवसर मिलेगा. विकसित कृषि बिना, किसान की आय बढ़ाए बिना देश का विकास नहीं हो सकता.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसान के विकास का एक महायज्ञ चल रहा है. किसानों की आय बढ़ाने और देश की खाद्य सुरक्षा सुनश्चित करने का है. यहां टॉप वैज्ञानिक आएं हैं, प्रगतिशील किसान आए हैं. यहां 20 विषयों पर चर्चा होगी और एंटीग्रेटेड और फायदे की खेती पर बात होगी. उन्होंने कहा कि हम हर राज्य का कृषि रोडमैप बना रहे हैं, कई राज्यों में शुरुआत कर दी है. हम इस क्षेत्र को हॉर्टिकल्चर का हब बनाना चाहते हैं, खेती से लेकर फूड प्रोसेसिंग तक के प्रयास कर रहे हैं. भारत सरकार ने मध्य प्रदेश में 55 दाल मिलें खोलने का फैसला किया है. भारत सरकार दलहन को एमएसपी पर खरीदेगी.

Leave A Reply

Your email address will not be published.