Surat News: सूरत में प्रसाद के बहाने पूरे परिवार को जहर देने की साजिश, 3 भर्ती

सूरत के शालीग्राम हाइट्स में घर के बाहर लटके 'जहरीले लड्डू' को प्रसाद समझकर खाने से एक ही परिवार के 3 लोग बीमार। CCTV के आधार पर 5 संदिग्धों से पूछताछ जारी।

गुजरात के सूरत जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां जहर मिला लड्डू प्रसाद खिलाकर एक पूरे परिवार को जान से मारने की कोशिश की गई है. परिवार के लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने घर के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है. इससे इलाके में दहशत का माहौल है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा.

सूरत में धार्मिक आस्था के प्रतीक प्रसाद का इस्तेमाल करके एक पूरे परिवार खत्म करने का प्रयास किया गया. सूरत जिले के उतरण थाना क्षेत्र के शालीग्राम हाइट्स इलाके में एक घर के बाहर दरवाजे पर कुछ अज्ञात लोगों ने जहर मिला हुआ लड्डू लटका दिया, जिसे गोरधनभाई वसरामभाई डोंडा ने अपने परिवार के साथ प्रसाद समझकर खा लिया. प्रसाद ही खाते उनकी और उनके परिवार के दो अन्य लोगों की तबीयत बिगड़ गई. आनन-फानन में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

पांच संदिग्धों से पूछताछ जारी

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. घर के पास लगे सीसीटीवी फुटेज से पांच संदिग्धों की पहचान कर पुलिस ने उनके पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस को शक है कि यह काम किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं बल्कि परिवार के किसी खास व्यक्ति या निजी दुश्मनी रखने वाले ने किया होगा. प्रसाद कब रखना है, परिवार के लोग किस समय घर पर होंगे और बिना शक पैदा किए लड्डू कैसे देने हैं.

सोची-समझी साजिश

ये सभी बातें एक सोची-समझी साजिश की ओर इशारा करती हैं. अब सवाल यह है कि इस विषैले प्रसाद के पीछे किसकी साजिश है? बता दें कि इसी तरह का एक मामला बीते दिनों अहमदाबाद के चंदखेडा इलाके से भी सामने आया था, जहां दो सगी बहनों को डोसा में जहर मिलाकर खिला दिया, जिससे उनकी मौत हो गई. उनके माता-पिता का अस्पताल में इलाज जारी है.

Leave A Reply

Your email address will not be published.