Kanpur Property Dispute: करोड़ों की संपत्ति के लिए चाची सास पर जानलेवा हमला, जेठानी की बहू पर आरोप
कानपुर के तिलक नगर में करोड़ों की प्रॉपर्टी के लिए खूनी संघर्ष। छोटी बहू ने जेठानी की बहू पर लगाया जानलेवा हमले और पिस्टल चोरी का आरोप। पुलिस कमिश्नर से सुरक्षा की गुहार।
कानपुर में एक परिवार की करोड़ों की संपत्ति पारिवारिक जनों के लिए मुसीबत बन गई है. छोटी बहू ने जेठानी की बहू से अपनी जान का खतरा बताया है. आरोप है कि जेठानी की बहू कुछ लोगों के साथ मिलकर चाची सास पर जानलेवा हमला कर चुकी है. चाची सास संध्या का आरोप है कि अनुभूति उनके ससुर को अपने कब्जे में किए हुए हैं. इस मामले में दूसरा पक्ष अभी गायब है. पुलिस ने पूछताछ के लिए बुलाया था लेकिन नहीं पहुंचे.
कानपुर में संपत्ति विवाद ने हिंसक रूप ले लिया है. कानपुर पुलिस कमिश्नर को पीड़िता संध्या द्वारा दिए गए पत्र में बताया गया है कि पारिवारिक करोड़ों की संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा है. पीड़िता संध्या गुप्ता का तिलक नगर, कानपुर में ससुराल है. उनके ससुराल वाले घर पर अनुभूति गुप्ता का कब्जा है. अनुभूति गुप्ता जेठ के बड़े बेटे की पत्नी है. उसे जेठानी ने अपने पति से नाजायज संबंधों के कारण 14 साल पहले घर से निकाल दिया था. हालांकि, वो फिर से उस घर पर कब्जा करके बैठ गई.
जेठानी की मौत के बाद शुरू हुआ खेल
जेठानी की मौत के बाद अनुभूति अपने ससुर के करीब आकर उनसे अनैतिक संबंधों का लाभ उठाते हुए उनके तिलक नगर स्थित आवास में रहने लगी और धीरे-धीरे पूरी संपत्ति पर कब्जा करना शुरू कर दिया. इतना ही नहीं, अनुभूति गुप्ता के व्यवहार से व्यथित होकर पीड़िता और उनके पति दिल्ली के अपने आवास पर रहने लगे.
इसी बीच आरोप है कि अनुभूति ने कानपुर स्थित घर की चाबी सुभाष चंद्र गुप्ता (जेठ) के पास से चोरी कर उनके आवास में प्रवेश किया और वहां रखे सोने-चांदी के जेवरात के साथ एक लाइसेंसी पिस्टल भी चोरी कर ली. इस संबंध में जब पीड़िता के पति द्वारा थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई, तो आरोप है कि पवन भक्ति गुप्ता ने सौरव गुप्ता, श्याम बैठा और मीना ठाकुर के साथ मिलकर पीड़िता के पति की गैरमौजूदगी में संध्या पर जानलेवा हमला किया.
लाठी-डंडों से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया गया और आरोपियों ने धमकी दी कि करोड़ों की संपत्ति के लिए वे कुछ भी कर सकते हैं. साथ ही मामले को पुलिस तक ले जाने पर अंजाम भुगतने की धमकी भी दी गई.
जब पीड़िता ने इस मामले की जानकारी थाना कोहना, कानपुर को दी, तो पता चला कि उनके पति की रिवॉल्वर आरोपियों द्वारा पहले ही थाने में जमा कर दी गई थी. इससे यह आशंका जताई जा रही है कि घर में मौजूद जेवरात, संपत्ति के मूल दस्तावेज, चेक और पासबुक आदि भी अनुभूति गुप्ता द्वारा ही चोरी किए गए हैं.
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि जेठ की बहू ने ससुर के दिल्ली स्थित मकान पर भी कब्जा कर रखा है. इसके बाद पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए स्थानीय थाने और पुलिस कमिश्नर, कानपुर नगर को तहरीर दी है.
पीड़िता का कहना है कि अनुभूति आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के संपर्क में है, जिससे उन्हें और उनके पति को जान का खतरा बना हुआ है.