अंबेडकर जयंती पर नन्ही भूमिका का अनूठा उपहार, 6 वर्षीय भूमिका ने अंबेडकर जयंती व अपने जन्मदिन पर किया 6 पौधों का रोपण
न्यूज़ डेस्क हरियाणा। भिवानी । सोमवीर शर्मा। मंगलवार को जब पूरा देश भारतीय संविधान के शिल्पकार डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती मना रहा था, तब भिवानी में एक मासूम बच्ची ने इस विशेष दिन को पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ जोडक़र एक नई मिसाल पेश की है।

सीनियर डिवीजन सिविल सीनियर जज जोगिंद्र सिंह की सुपुत्री भूमिका सिंह ने मंगलवार को बाबा साहेब डा. भीमराव अंबेडकर जयंती व अपने छठे जन्मदिन के अवसर पर फिजूलखर्ची और शोर-शराबे वाले जश्न के बजाय प्रकृति की सेवा को चुना। भूमिका ने त्रिवेणी बाबा के सानिध्य और पर्यावरण प्रहरी हवलदार लोकराम नेहरा के नेतृत्व में स्थानीय ऑफिसर कॉलोनी में छह छायादार व फलदार पौधों का रोपण किया। इस दौरान उन्होंने नींबू ,मौसमी ,चीकू ,माल्टा, रुद्राक्ष, अनार आदि पौधों का रोपण किया। इस अवसर पर पर्यावरण प्रहरी हवलदार लोकराम नेहरा ने कहा कि एक पौधा लगाना, आने वाली पीढिय़ों के लिए जीवन बोने जैसा है। यदि हर बच्चा अपने जन्मदिन पर एक पौधा लगाने का संकल्प ले, तो हम ग्लोबल वार्मिंग जैसी चुनौतियों का सामना आसानी से कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि ये छह पौधे न केवल हरियाली फैलाएंगे, बल्कि भूमिका की उम्र के साथ-साथ बड़े होकर समाज को ऑक्सीजन और शुद्ध वातावरण भी प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि एक वयस्क पेड़ एक वर्ष में इतनी ऑक्सीजन पैदा करता है, जो चार लोगों के लिए पर्याप्त होती है। उन्होंने कहा कि प्रकृति हमें बिना किसी भेदभाव के संसाधन देती है, पौधारोपण उनके इसी दर्शन को जीवंत करता है। वही भूमिका ने इस मौके पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि वे चाहती थी कि उनका जन्मदिन समाज के लिए प्रेरणादायी बने। गौरतलब होगा कि यह आयोजन केवल एक जन्मदिन का उत्सव नहीं था, बल्कि भिवानी के नागरिकों के लिए एक संदेश था कि प्रकृति की रक्षा ही मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। इस अवसर पर दादा कृष्ण कुमार एवं दादी कमला देवी, भाई निकुंज सिंह भी शंकर नर्सरी संचालक चंद्रमा मोहन प्रेम सिंह माली आदि मौजूद रहे।