Delhi News: ब्रिगेडियर पर हमले से LG संधू नाराज, पुलिस कमिश्नर को सख्त निर्देश

दिल्ली के वसंत एन्क्लेव में सेना के ब्रिगेडियर और उनके बेटे पर हमला। LG तरणजीत सिंह संधू ने पुलिस कमिश्नर को जांच और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने के आदेश दिए।

दिल्ली के दक्षिण पश्चिम दिल्ली के वसंत एन्क्लेव इलाके में कार में शराब पीने का मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है. शुरू में मामले में कोई एक्शन नहीं लेने वाली दिल्ली पुलिस अब एफआईआर दर्ज कर जांच में लगी है. इस बीच दिल्ली के उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू ने भी इस घटना को लेकर दुख जताया है. साथ ही पुलिस कमिश्नर को निर्देश दिया कि मामले के जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जाए. साथ ही पीड़ित परिवार को सुरक्षा मुहैया कराई जाए.

वसंत एन्क्लेव घटना पर दिल्ली के LG संधू ने सोशल मीडिया X पर पोस्ट कर कहा, “मैं वसंत एन्क्लेव में हुई घटना से बहुत चिंतित हूं, जिसमें भारतीय सेना के एक सेवारत ब्रिगेडियर, उनकी पत्नी और उनके 23 साल के बेटे (जो IIT दिल्ली से ग्रेजुएट हैं) पर हमला किया गया.” उन्होंने आगे कहा, “मैंने खुद ब्रिगेडियर पी.एस. अरोड़ा से बात करके घटना के बारे में जानकारी ली और उनका हालचाल जाना.”

तेजी से जांच कराने और कार्रवाई के आदेश

उपराज्यपाल संधू ने कहा, “मैंने घटना को लेकर दिल्ली के पुलिस कमिश्नर से भी बात की और उन्हें निर्देश दिया कि वे इस मामले की पूरी और तेजी से जांच सुनिश्चित करें, ताकि इस घटना के लिए जो जिम्मेदार हैं, उनके खिलाफ तुरंत और उचित कार्रवाई की जा सके.”

पीड़ित परिवार की सुरक्षा को लेकर उन्होंने कहा, “मैंने दिल्ली पुलिस को यह भी निर्देश दिया है कि वे उस अधिकारी और उनके परिवार को पूरी सुरक्षा प्रदान करें. हम अपने नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और कानून के शासन को बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं.”

कार में शराब पीने को लेकर हुआ विवाद

इससे पहले वसंत एन्क्लेव इलाके में कार में शराब पीने का विरोध करने पर सेवारत ब्रिगेडियर और उनके आईआईटी ग्रेजुएट बेटे पर कुछ लोगों ने कथित तौर पर हमला कर दिया. यही नहीं इस सैन्य अधिकारी की पत्नी को भी धमकाया गया. पुलिस के मुताबिक, यह घटना पिछले हफ्ते शनिवार का है. सैन्य अधिकारी ने अपने घर के पास खड़ी लग्जरी कार के अंदर 2 लोगों के शराब पीने पर आपत्ति जताई, जिसके बाद दोनों के बीच बहस शुरू हो गई.

पुलिस का कहना है कि ब्रिगेडियर ने जब इस पर आपत्ति जताई, तो घटनास्थल पर एकत्र लोगों के एक ग्रुप ने उन पर और उनके बेटे पर हमला किया, साथ ही उनकी पत्नी को धमकी भी दी. सोशल मीडिया के जरिए मामले सामने आने के बाद पहले शिकायत नहीं लिखने वाली दिल्ली ने मामले का संज्ञान लेते हुए एफआईआई दर्ज कर जांच शुरू कर दी.

FIR दर्ज, पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

दिल्ली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2) (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), 126(2) (गलत तरीके से रोकना), 351(2) (आपराधिक धमकी), 79 (किसी महिला की गरिमा का अपमान करने या उसकी निजता का उल्लंघन करने के इरादे से कोई शब्द, इशारा, कार्य), 191(2) (दंगा) और 190 (गैरकानूनी सभा) के तहत एफआईआर दर्ज की है.

पुलिस ने यह भी कहा, “हमने एफआईआर दर्ज कर ली है. आरोपियों की तलाश की जा रही है. शुरुआती जांच के दौरान निरीक्षक या जांच अधिकारी की ओर से लापरवाही पाई गई है, जिसके चलते उन्हें लाइन हाजिर कर दिया गया है.” इस बीच भारतीय सेना ने भी इस घटना का संज्ञान लिया है. सेना की ओर से कहा गया, ‘भारतीय सेना ने मामले का गंभीर संज्ञान लिया है. सेना पुलिस के एक दल को अधिकारी की सहायता के लिए भेजा गया है.

Leave A Reply

Your email address will not be published.