Kurukshetra News: शाहाबाद मंडी में गेहूं की बोरियों के नीचे दबने से महिला की मौत

कुरुक्षेत्र की शाहाबाद अनाज मंडी में बड़ा हादसा। गेहूं की बोरियों का ढेर गिरने से 27 वर्षीय हसीना खातून की दर्दनाक मौत। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

कुरुक्षेत्र : कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद की अनाज मंडी में गेहूं की बोरियां गिरने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। मृतका मंडी में गेहूं इकट्ठा करने का काम कर रही थी। अचानक बोरियों का ढेर गिरने से वह उसके नीचे दब गई और मौके पर ही दम तोड़ दिया।

मृतका की पहचान हसीना खातून (27) निवासी बिलासपुर जिला यमुनानगर के रूप में हुई है। वह अपने पति राहुल कुमार और चार बच्चों के साथ शाहाबाद की अटारी कॉलोनी में रह रही थी। बताया जा रहा है कि हसीना अनाज मंडी शाहाबाद में दुकान नंबर 103 पर झाड़ू-पोछा लगाने और गेहूं इकट्ठा करने का काम करती थी।

जानकारी के अनुसार इन दिनों गेहूं की आवक के कारण मंडी में बोरियों के बड़े-बड़े ढेर लगे हुए हैं। हसीना मंडी में गेहूं के रैक के पास काम कर रही थी। इसी दौरान अचानक गेहूं की बोरियों का ढेर उसके ऊपर आ गिरा और वह बोरियों के नीचे दब गई। आस-पास काम कर रहे मजदूरों ने तुरंत बोरियां हटाकर उसे बाहर निकाला और डायल-112 को सूचना दी। लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतका के पति के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद मंडी में काम कर रहे मजदूरों में भी दहशत का माहौल बन गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.