Rewari News: श्री गणेश एग्रो कंपनी में युवक का खून से लथपथ शव मिला, फैली दहशत

रेवाड़ी के दिल्ली रोड स्थित श्री गणेश एग्रो कंपनी में राजस्थान निवासी 35 वर्षीय युवक का लहूलुहान शव मिलने से सनसनी। पेट पर गहरे जख्म, पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से कर रही जांच।

रेवाड़ी : दिल्ली रोड स्थित श्री गणेश एग्रो कंपनी के एक कमरे में बुधवार को युवक का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। युवक कमरे के अंदर फर्श पर पड़ा मिला, जबकि शव की हालत बेहद गंभीर और भयावह थी।

मृतक की पहचान राजस्थान के कोटपुतली क्षेत्र के चेचीपुरा निवासी 35 वर्षीय सुंदर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुंदर कुछ दिन पहले ही काम के सिलसिले में राजस्थान से रेवाड़ी आया था और कंपनी परिसर के एक कमरे में रह रहा था। मौके पर पहुंचे डीएसपी सुरेंद्र श्योराण ने बताया कि कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि एक युवक कमरे में खून से लथपथ पड़ा है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कमरे के अंदर फर्श पर शव बरामद किया। शव के पूरे शरीर पर खून के निशान थे, जबकि पेट के हिस्से में गहरे जख्म पाए गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है। फिलहाल पुलिस इस मामले को हत्या और आत्महत्या—दोनों एंगल से जांच रही है।

वहीं अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, सीसीटीवी फुटेज, मौके से जुटाए गए साक्ष्य और आसपास के लोगों से पूछताछ के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। दिल्ली रोड स्थित कंपनी परिसर में हुई इस रहस्यमयी मौत के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस ने जांच तेज कर दी है और कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही सच सामने आएगा कि यह हत्या है या आत्महत्या।

Leave A Reply

Your email address will not be published.