शिक्षा बोर्ड कर्मचारियों की मानी गईं मांगें, प्रशासन के लिखित आश्वासन के बाद आंदोलन स्थगित

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड परिसर में आयोजित बैठक को संबो​धित करते वक्ता।

भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के कर्मचारियों और बोर्ड प्रशासन के बीच पिछले कई दिनों से चला आ रहा गतिरोध मंगलवार को समाप्त हो गया। बोर्ड सचिव से मिले ठोस आश्वासन के बाद कर्मचारी संगठन ने अपना आंदोलन स्थगित करने का निर्णय लिया। यह जानकारी हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड कर्मचारी संगठन (संबद्ध सर्व कर्मचारी संघ) की ओर से स्थानीय शिक्षा बोर्ड परिसर में आयोजित द्वार सभा के दौरान कर्मचारियों को दी गई।

संगठन के प्रधान सत्यवीर स्वामी ने बताया कि बोर्ड प्रशासन और कर्मचारी नेताओं के बीच हुई बातचीत में कई अहम बिंदुओं पर सहमति बनी है। कर्मचारियों की प्रमुख मांग को स्वीकार करते हुए बोर्ड सचिव ने आश्वासन दिया है कि उत्तरपुस्तिकाओं के मुद्रण का कार्य पूर्व की भांति प्रकाशन शाखा के माध्यम से ही कराया जाएगा। इसके साथ ही हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा-2025 से संबंधित कर्मचारियों की जायज मांगों को भी स्वीकार करने का भरोसा बोर्ड प्रशासन की ओर से दिया गया है। आंदोलन के दौरान कर्मचारियों को जारी किए गए कारण बताओ नोटिस को भी प्रशासन ने वापस लेने और निरस्त करने का निर्णय लिया है।

सभा का संचालन करते हुए महासचिव सोमवीर पूनिया ने कहा कि यदि भविष्य में प्रशासन अपने आश्वासनों से पीछे हटता है तो कर्मचारी संगठन दोबारा बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होगा। इस अवसर पर वरिष्ठ उपप्रधान देवेंद्र श्योराण, जोगेंद्र, अशोक लांबा, अशोक पिलानिया, भारतदीप आदि उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.