दिल्ली दहलाने की साजिश नाकाम: स्पेशल सेल ने 3 राज्यों से दबोचे 4 संदिग्ध आतंकी
दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने महाराष्ट्र, बिहार और ओडिशा से 4 संदिग्धों को गिरफ्तार किया। लाल किला-इंडिया गेट की रेकी और IED बनाने की थी तैयारी। BNS के तहत केस दर्ज।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए चार ऐसे युवकों को गिरफ्तार किया है. बताया जा रहा है कि ये युवक देश में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने की तैयारी कर रहे थे. हालांकि उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें दबोज लिया. इन चारों आरोपियों को अलग-अलग राज्यों महाराष्ट्र, ओडिशा और बिहार से गिरफ्तार किया गया है. आरोपियों के पास से IED बनाने का सामान और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनकी जांच जारी है.
पुलिस के मुताबिक ये सभी युवक कट्टरपंथी सोच से प्रभावित थे और नफरत करने के मकसद से काम कर रहे थे. बताया जा रहा है कि ये लोग गजवा-ए-हिंद जैसे खतरनाक विचारों को बढ़ावा दे रहे थे और इसके लिए दूसरों को भी उकसा रहे थे, ताकि अपने नापाक मंसूबों को पूरा कर सकें.
सोशल मीडिया ग्रुप्स में जुड़े हुए थे
जांच में सामने आया है कि ये आरोपी सोशल मीडिया के गुप्त (क्लोज्ड) ग्रुप्स में जुड़े हुए थे, जहां आतंकी विचारधारा, जिहाद और हथियारों की बात होती थी. जांच में पता चला कि इन ग्रुप्स के जरिए ये लोग नए लोगों को जोड़ने और उन्हें भड़काने का काम कर रहे थे. पुलिस के मुताबिक इनमें से दो आरोपी मिलकर एक रिमोट कंट्रोल IED (बम) बनाने की तैयारी कर रहे थे. इसके लिए जरूरी सामान जैसे बॉल बेयरिंग, कील, खिलौना कार आदि जुटाए जा चुके थे.
लाल किला और इंडिया गेट की रेकी
जांच में यह भी पता चला कि एक आरोपी ने दिसंबर 2025 में दिल्ली आकर लाल किला और इंडिया गेट जैसी महत्वपूर्ण जगहों की रेकी (जांच) की थी. उसने सोशल मीडिया पर लाल किले की फोटो के साथ आपत्तिजनक पोस्ट भी शेयर की थी, ताकि लोगों को भड़काया जा सके. गिरफ्तार युवकों में से एक सोशल मीडिया के जरिए पैसे (क्राउड फंडिंग) जुटा रहा था, जबकि दूसरा हथियार चलाने और ट्रेनिंग दिलाने का वादा कर रहा था. इसके लिए लोगों से पैसे भी मांगे जा रहे थे.
BNS 2023 की धाराओं के तहत मामला दर्ज
चारों आरोपी साधारण परिवारों से आते हैं और ज्यादातर 10वीं तक पढ़े हुए हैं. जांच में पता चला कि इनमें से कोई मैकेनिक है, कोई सिक्योरिटी गार्ड, तो कोई प्लंबर का काम करता है. जानकारी के मुताबिक सोशल मीडिया और कट्टरपंथी भाषणों के प्रभाव में आकर ये लोग गलत रास्ते पर चल पड़े और देश विरोधी गतिविधियों में शामिल हो गए. स्पेशल सेल ने इन सभी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है.