प्रदूषण : उज्ज्वला ने घटाया 15 फीसद घरेलू प्रदूषण

रसोई ही बनी हुई है सबसे बड़ा प्रदूषक, सर्दियों में 200 अतिरिक्त सब्सिडी का सुझाव

जगत क्रांति न्यूज

Study of CEEW : प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना ने देश की हवा को साफ करने में बड़ी भूमिका निभाई है। काउंसिल ऑन एनर्जी, एनवायरनमेंट एंड वाटर की नई स्टडी के अनुसार, वित्त वर्ष 2025-26 में उज्ज्वला योजना के कारण घरों से निकलने वाले पीएम 2.5 उत्सर्जन में करीब 15 प्रतिशत की कमी आई है। लेकिन इसके बावजूद इंडो-गैंगेटिक प्लेन के सबसे प्रदूषित इलाकों में रसोई ही प्रदूषण का सबसे बड़ा स्रोत बनी हुई है। यहां खाना पकाने से कुल प्राइमरी पीएम 2.5 उत्सर्जन का 36 से 49 प्रतिशत हिस्सा आता है। भले ही रिपोर्ट में हरियाणा का जिक्र नहीं है लेकिन प्रदूषण एक जगह से दूसरी जगह ज्यादा फैलता है पंजाब का प्रदूषण जब दिल्ली को प्रभावित कर सकता है तो हरियाणा उससे कैसे बच सकता है?
सीईईडब्ल्यू की स्टडी में पिछले एक दशक के असली एलपीजी बिक्री आंकड़ों की तुलना उस स्थिति से की गई, जिसमें उज्ज्वला योजना कभी शुरू ही नहीं होती।
वित्त वर्ष 2025-26 में असल एलपीजी बिक्री 28.7 मिलियन टन रही, जबकि बिना योजना के यह 22.9 मिलियन टन ही होती। इस दशक में अतिरिक्त एलपीजी की वजह से करीब 4,963 किलोटन पीएम2.5 और 132 किलोटन ब्लैक कार्बन उत्सर्जन से बचा। इसमें अकेले 2025-26 में 834 किलोटन पीएम2.5 शामिल है।
देश में 10.5 करोड़ से ज्यादा महिलाओं के पास अब एलपीजी कनेक्शन है। लेकिन कनेक्शन होने का मतलब नियमित इस्तेमाल नहीं है। सरकारी सर्वे 2023-24 के अनुसार, पंजाब में 90 प्रतिशत घरों में एलपीजी ही मुख्य ईंधन है, लेकिन उत्तर प्रदेश में यह आंकड़ा 61 प्रतिशत, बिहार में 47 प्रतिशत और झारखंड में 40 प्रतिशत ही है। सीईईडब्ल्यू के सर्वे में यूपी के 44 प्रतिशत और झारखंड के 66 प्रतिशत ग्रामीण घरों में आज भी सिर्फ ठोस ईंधन पर ही खाना बनता पाया गया। दोनों राज्यों में 10 में से 1 से भी कम घर ऐसे थे जो पूरी तरह क्लीन फ्यूल पर खाना बनाते हों।
सबसे बड़ी वजह रिफिल की कीमत है, उसके बाद होम डिलीवरी की दिक्कत। शहरों में दिक्कत नामांकन की है। 10 शहरों में सर्वे किए गए एलपीजी इस्तेमाल करने वाले प्रवासी मजदूरों में से सिर्फ 4 प्रतिशत ही उज्जवला लाभार्थी थे।
स्टडी में सुझाव दिया गया है कि आईजीपी राज्यों दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, यूपी, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में उज्जवाला घरों को अक्टूबर से मार्च के बीच हर रिफिल पर 200 रुपये का अतिरिक्त विंटर टॉप-अप दिया जाए। अभी दिल्ली में उज्जवला घरों को 300 रुपये सब्सिडी के बाद सिलेंडर करीब 642 रुपये का पड़ता है। टॉप-अप के बाद यह घटकर करीब 442 रुपये हो जाएगा। इस पर सालाना करीब 4,000 करोड़ रुपये खर्च आएगा।
सर्वे में 5 में से 4 घरों ने कहा कि अगर कीमत 400 रुपये हो तो वे सिर्फ एलपीजी पर ही खाना बनाएंगे। स्टडी में यह भी कहा गया है कि अगर केंद्र की सब्सिडी 4 सिलेंडर तक ही सीमित रहती है, तो आईजीपी राज्य सरकारें अप्रैल से सितंबर के बीच कम से कम 2 सिलेंडर पर 300 रुपये की अतिरिक्त सब्सिडी दें। इस पर राज्यों का सालाना करीब 2,400 करोड़ रुपये खर्च आएगा, जो उनके कुल बजट के 0.1 प्रतिशत से भी कम है।
स्टडी में कहा गया है कि देश के 25,000 से ज्यादा एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर प्रमाणित इंडक्शन कुकटॉप और इलेक्ट्रिक प्रेशर कुकर छूट पर बेचें। जो घर अपने 4 में से 2 सब्सिडी वाले सिलेंडर छोड़ दें, उन्हें ये उपकरण दिए जाएं।
देश में करीब 4 करोड़ घरों के पास 3 या ज्यादा मवेशी हैं, लेकिन 1 प्रतिशत से भी कम ग्रामीण घर बायोगैस को मुख्य ईंधन के रूप में इस्तेमाल करते हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.