जगत क्रांति न्यूज
Action Against Bribe : फतेहाबाद भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान के तहत फतेहाबाद एसीबी की टीम ने शुक्रवार को रतिया में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम ने रतिया के फूड सप्लाई इंस्पेक्टर यादविंदर गिल और एक असिस्टेंट सहित तीन कर्मचारियों को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
आरोपी इंस्पेक्टर यादविंदर गिल पूर्व सांसद आत्मा सिंह गिल का पोता बताया जा रहा है। इस हाई-प्रोफाइल गिरफ्तारी के बाद स्थानीय प्रशासन और खाद्य एवं आपूर्ति विभाग में हड़कंप मच गया है।
गांव पिलछियां स्थित एक राइस मिल संचालक ने विजिलेंस को शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि उनके राइस मिल की एमटी (मीट्रिक टन क्षमता) बढ़ाने के काम की एवज में फूड सप्लाई इंस्पेक्टर यादविंदर गिल और अन्य कर्मचारियों द्वारा एक लाख रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत की पुष्टि होने के बाद विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया और तय योजना के तहत जैसे ही रिश्वत की राशि ली गई, टीम ने छापा मारकर तीनों आरोपियों को दबोच लिया।
कार्रवाई का नेतृत्व कर रहे फतेहाबाद विजिलेंस टीम के इंस्पेक्टर मनमोहन सिंह ने बताया कि पिलछियां के एक शेलर संचालक से एक लाख रुपये की रिश्वत लेने के मामले में फूड सप्लाई इंस्पेक्टर यादविंदर गिल, एक असिस्टेंट सहित कुल तीन कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई गई है।