वैशाली: चिराग पासवान के गाने पर बवाल, बारात में यादव-पासवान गुट भिड़े

बिहार के वैशाली में चिराग पासवान का गाना बजाने पर दो समुदायों में हिंसक झड़प। ईंट-पत्थर चले, कई घायल। पुलिस सुरक्षा के बीच निकाली गई बारात। जानें पूरा मामला।

बिहार में बारात और बैंड-बाजे के दौरान विवाद की खबरें अक्सर आती हैं, लेकिन वैशाली के बिदुपुर में एक ‘गाने’ ने दो समुदायों के बीच नफरत की आग सुलगा दी. कथौलीया गांव में केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की प्रशंसा वाला गाना बजाने पर यादव और पासवान समुदाय के लोग आमने-सामने आ गए. विवाद इतना बढ़ा कि दोनों ओर से जमकर ईंट-पत्थर चले, जिसमें कई लोग लहूलुहान हो गए.

जानकारी के अनुसार, 18 अप्रैल को कथौलीया निवासी राजेश पासवान के बेटे पिंटू कुमार की बारात समस्तीपुर के लिए निकलने वाली थी. बारात रवानगी से पहले गांव में ‘बिलौकी’ की पारंपरिक रस्म चल रही थी. इसी दौरान चिराग पासवान का एक लोकप्रिय गाना बजने लगा. आरोप है कि इस गाने को सुनते ही यादव समुदाय के लोग (तेजस्वी समर्थक) आक्रोशित हो गए और उन्होंने बारात को आगे बढ़ने से रोक दिया.

66

“पासवानों की इतनी चलती है क्या?”

दूल्हे की मां बुधनी देवी ने रोते हुए आपबीती सुनाई. उन्होंने बताया, “हम महिलाएं और बच्चे बिलौकी मांगकर आ रहे थे. कोई पुरुष साथ नहीं था. तभी यादव समुदाय के लोगों ने हमें घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी. उन्होंने हमारे आभूषण भी छीन लिए और पथराव किया.” बुधनी देवी का आरोप है कि हमलावरों ने कहा, “पासवानों की इतनी चलती है कि गाना बजाकर बारात ले जाएगा? हम यह गाना नहीं बजने देंगे.” इस हमले में दूल्हे के भतीजे का सिर फट गया और कई रिश्तेदार घायल हो गए.

8

लालू बनाम चिराग का गाना

स्थानीय निवासी नरेश पासवान ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि गांव में अक्सर भेदभाव की स्थिति बनती है. उन्होंने कहा, “जब गांव में लालू प्रसाद यादव के गाने बजते हैं, तो हमें कोई आपत्ति नहीं होती, हम सम्मान करते हैं. लेकिन जैसे ही चिराग पासवान का गाना बजता है, विवाद और मारपीट की स्थिति पैदा कर दी जाती है.”

भारी पुलिस बल की मौजूदगी में निकली बारात

Bihar 11

हिंसा की सूचना मिलते ही बिदुपुर थाना पुलिस भारी जाब्ते के साथ मौके पर पहुंची. स्थिति को बिगड़ते देख पुलिस ने मोर्चा संभाला और दूल्हे व बारातियों को सुरक्षा घेरे में लेकर गांव से सुरक्षित बाहर निकलवाया.

इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 5 लोगों को हिरासत में लिया है. हालांकि, अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से औपचारिक लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है. पुलिस का कहना है कि आवेदन मिलते ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Leave A Reply

Your email address will not be published.