करनाल: फैमिली ID में मुस्लिम महिला के पति का नाम बदला, 11 महीने से राशन बंद

करनाल में विभागीय लापरवाही: 70 वर्षीय रहीसा की फैमिली आईडी में पति 'नसीर' की जगह लिखा 'रणधीर'। सरकारी योजनाओं का लाभ बंद, दफ्तरों के चक्कर काट रही बुजुर्ग महिला।

करनाल : 70 वर्षीय मुस्लिम महिला की फैमिली आई.डी. में पति का नाम गलत होने पर सरकारी लाभ मिलना बंद हो गया है। पहचान पत्र में पति का नाम हिंदू नाम से है और इस गलती को सुधारने के लिए पीड़िता कई विभागों में धक्के खा चुकी है। अब अधिकारियों ने लाभार्थी को ऑनलाइन प्रक्रिया का पालन करने की अपील की है।

शिकायतकर्त्ता 70 वर्षीय रहीसा ने बताया कि करीब 20 साल पहले पति नसीर का निधन हो गया था। उसकी फैमिली आई.डी. में पति का नाम रणधीर दिखाई दे रहा है जबकि वह मुस्लिम है और रणधीर नामक व्यक्ति को जानती तक नहीं है। इस तरह की विभागीय लापरवाही के चलते अब उसे परेशानियां उठानी पड़ रही हैं।

महिला ने बताया कि वह इस गलती को ठीक करवाने के लिए कई दफ्तरों के चक्कर काट चुकी है। पहले वह ए.डी.सी. दफ्तर गई, जहां से उसे बिजली दफ्तर भेज दिया गया। वहां से अटल सेवा केंद्र भेजा गया लेकिन किसी ने भी उनकी समस्या का समाधान नहीं किया। रहीसा की बेटी सानिया ने भी कई जगह नौकरी के लिए आवेदन किया लेकिन फैमिली आई.डी. में गड़बड़ी के कारण उसके फार्म रिजैक्ट हो रहे हैं।

पीड़िता अनुसार गलत नाम जुड़ने की वजह से उसका राशन कार्ड करीब 11 महीने पहले कट गया। महिला ने प्रशासन से मांग की कि जल्द उसकी फैमिली आई.डी. की गलती को ठीक किया जाए ताकि उसे राशन और अन्य सरकारी सुविधाएं मिल सकें। वहीं ए.डी.सी. डा. राहुल रईया ने बताया कि संबंधित महिला की शिकायत बारे उन्हें अभी संज्ञान नहीं है। विभागीय टीम सदस्यों से जानकारी जुटाकर महिला की समस्या का समाधान किया जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.