अनंत अंबानी की 12 करोड़ की घड़ी में ‘शिव’ और ‘ॐ’, जानें क्या है इसका मतलब
अनंत अंबानी की नई 'ओपेरा गॉडफादर बैगुएट शिवा' घड़ी चर्चा में है। 12 करोड़ की इस घड़ी में भगवान शिव और ॐ की नक्काशी के पीछे क्या है आध्यात्मिक रहस्य? जानें विस्तार से।
देश के बिजनेसमैन मुकेश अंबानी का परिवार अपनी अनोखी लाइफस्टाइल के लिए हमेशा सुर्खियों में रहता है. हाल ही में, उनके सबसे छोटे बेटे अनंत अंबानी द्वारा पहनी गई ‘ओपेरा गॉडफादर बैगुएट शिवा’ घड़ी ने दुनिया का ध्यान आकर्षित किया है. विश्व प्रसिद्ध जैकब एंड कंपनी की ओर बनाई गई यह खास घड़ी एक कलाकृति के रूप में डिजाइन की गई है, जो अत्याधुनिक तकनीक के साथ-साथ भारतीय आध्यात्मिक संस्कृति को भी दर्शाती है. इस घड़ी में भगवान शिव की मूर्ति भी दिख जाएगी और ॐ भी उकेरा गया है. ऐसे में आइए जानते हैं कि भगवान शिव की इस मूर्ति के क्या मायने हैं?
डिजाइन और कीमत के मामले में अव्वल
खबरों के मुताबिक, इस घड़ी की अनुमानित कीमत करीब 12 करोड़ रुपए है. इसका डिजाइन बेहद भव्य है और घड़ी का बाहरी डिजाइन 18 कैरेट रोज गोल्ड से बना है. घड़ी की खूबसूरती बढ़ाने के लिए इसमें 300 से अधिक बैगेट कट हीरे जड़े गए हैं और कुल मिलाकर इस घड़ी में एक हजार से अधिक हीरे लगे हैं. यह महज एक घड़ी नहीं, बल्कि कुशल कारीगरी का नमूना है.
शिव की ध्यान मुद्दा का मतलब
इस घड़ी का मुख्य आकर्षण इसके केंद्र में ध्यान मुद्रा में विराजमान भगवान शिव हैं. इसके बगल में पवित्र ‘ॐ ‘ भी उकेरा गया है, जो धार्मिक आस्था और लाइफस्टाइल का अनूठा संगम है. दरअसल, भोलेनाथ की ध्यान मुद्रा परम शांति के साथ एकाग्रता और आंतरिक शक्ति के प्रतीक के रूप में मानी जाती है. इसका मतलब ये होता है कि सच्चा सुख बाहरी दुनिया के बजाय अपने भीतर यानी ध्यान में होता है. शिव के इस रूप को योगियों के लिए सबसे आदर्श कहा गया है क्योंकि ये रूप अशांत मन को स्थिर करता है और ब्रह्मांडीय ऊर्जा से सीधे कनेक्ट करने की प्रेरणा देता है.
ॐ का क्या है अर्थ?
सनातन धर्म में ॐ सर्वोच्च ध्वनि मानी जाती है. इसे ‘प्रणव मंत्र’ कहा गया है. संत-महात्मा हमेशा कहते आए हैं कि ॐ का उच्चारण ब्रह्मांड की मूल ध्वनि है, जोकि शाश्वत ऊर्जा है और ईश्वर का सूचक है. कहा गया है कि इसका जाप करने से मन को शांति, पॉजिटिव एनर्जी, अच्छा स्वास्थ्य, ब्लड प्रेशर कंट्रोल में रहता है. साथ ही साथ इसका उच्चारण आध्यात्मिक जागृति के लिए किया जाता है.
अगर इस घड़ी के तकनीकी रूप की बात की जाए तो इसमें 658 छोटे-छोटे पुर्जे हैं और इसमें ‘ट्रिपल-एक्सिस टूरबिलॉन’ टेक्नोलॉजी का प्रयोग किया गया है. समय की सटीकता बनाए रखने के मामले में इसे विश्व की सर्वश्रेष्ठ घड़ी माना जाता है. इस घड़ी की एक और खासियत यह है कि यह एक म्यूजिकल घड़ी है. इसमें 120 सुरों वाला एक म्यूजिकल सिस्टम है जो एक बटन दबाने पर फिल्म ‘द गॉडफादर’ का मशहूर गाना बजाता है. गाना बजते समय घड़ी के अंदरूनी हिस्सों की हलचल देखकर देखने वाले दंग रह जाएंगे.
महंगी घड़ियों का कलेक्शन
अनंत अंबानी के पास दर्जनों महंगी घड़ियों का कलेक्शन है. खबरों के अनुसार, उनके घड़ियों के कलेक्शन का कुल मूल्य 200 करोड़ रुपए से अधिक है. उनके कलेक्सन में पाटेक फिलिप और रिचर्ड मिल जैसे दुनिया के कुछ सबसे महंगे ब्रांड शामिल हैं, जो दुनिया के कुछ ही अमीर लोगों के पास उपलब्ध हैं. इससे पहले, मेटा के सीईओ मार्क जुकरबर्ग ने भी अनंत के घड़ियों के कलेक्शन की तारीफ की थी.