WhatsApp का नया धमाका: अब स्क्रीन पर तैरेंगे चैट बबल्स, बदल जाएगा डिजाइन

व्हाट्सएप जल्द ला रहा है फेसबुक मैसेंजर जैसा 'चैट बबल' फीचर। अब बिना ऐप खोले सीधे स्क्रीन से करें रिप्लाई। जानें व्हाट्सएप डिजाइन में होने वाले 2013 के बाद के सबसे बड़े बदलाव।

व्हाट्सएप अपने एंड्रॉयड यूजर्स के लिए एक बेहद उपयोगी फीचर पर काम कर रहा है. जल्द ही यूजर्स बिना ऐप पूरी तरह खोले सीधे स्क्रीन पर आने वाले फ्लोटिंग बबल से चैट कर सकेंगे. यह फीचर फेसबुक मैसेंजर के चैट बबल्स की तरह काम करेगा और मल्टीटास्किंग को पहले से कहीं आसान बना देगा. अगर यह फीचर सफल रहा, तो व्हाट्सएप इस्तेमाल करने का अनुभव पूरी तरह बदल सकता है.

स्क्रीन पर तैरता दिखेगा चैट बबल

WABetaInfo की रिपोर्ट के अनुसार, व्हाट्सएप का नया Notification Bubbles फीचर मैसेज आते ही स्क्रीन पर एक छोटा फ्लोटिंग आइकन दिखाएगा. इस बबल में कॉन्टैक्ट या ग्रुप की प्रोफाइल फोटो के साथ व्हाट्सएप का लोगो नजर आएगा. यूजर जैसे ही इस पर टैप करेगा, एक कॉम्पैक्ट चैट विंडो खुल जाएगी. यहां से बिना ऐप खोले मैसेज पढ़ना और तुरंत जवाब देना संभव होगा. खास बात यह है कि इससे यूजर्स को बार-बार व्हाट्सएप खोलने की जरूरत नहीं पड़ेगी, जिससे समय की बचत होगी और बातचीत भी आसान हो जाएगी.

फेसबुक मैसेंजर जैसा मिलेगा अनुभव

यह फीचर काफी हद तक फेसबुक मैसेंजर के लोकप्रिय चैट बबल्स जैसा होगा. लंबे समय से एंड्रॉयड यूजर्स इस तरह की सुविधा की मांग कर रहे थे. Notification Bubbles मल्टीटास्किंग को बेहद आसान बना देगा. मान लीजिए आप वीडियो देख रहे हैं या इंटरनेट ब्राउज कर रहे हैं, तभी कोई जरूरी मैसेज आता है, तो आप उसी समय जवाब दे पाएंगे. यूजर्स चाहें तो इस फीचर को अपनी पसंद के अनुसार बंद भी कर सकते हैं. इससे प्राइवेसी और कंट्रोल दोनों यूजर के हाथ में रहेंगे.

व्हाट्सएप के डिजाइन में भी होगा बड़ा बदलाव

Notification Bubbles के अलावा व्हाट्सएप अपने इंटरफेस में भी बदलाव की तैयारी कर रहा है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी टॉप बार से व्हाट्सएप नाम हटाकर वहां आधिकारिक लोगो दिखा सकती है. यह बदलाव 2013 के बाद सबसे बड़ा विजुअल अपडेट माना जा रहा है. साथ ही, टॉप बार में स्टेटस अपडेट्स के लिए भी नई जगह बनाई जा सकती है. फिलहाल Notification Bubbles फीचर एंड्रॉयड 11 और उससे ऊपर के वर्जन पर काम करेगा. अभी इसकी स्टेबल रिलीज डेट सामने नहीं आई है, लेकिन बीटा टेस्टिंग सफल रही तो जल्द ही यह सभी एंड्रॉयड यूजर्स के लिए उपलब्ध हो सकता है.

Leave A Reply

Your email address will not be published.