रोहतक: CIA कस्टडी में संदिग्ध मौत, पूछताछ के लिए लाए गए शख्स ने तोड़ा दम

रोहतक में सीआईए-2 की हिरासत में टिटौली निवासी नरेश की संदिग्ध हालात में मौत। रंगदारी मामले में पूछताछ के लिए बुलाया था पुलिस ने। परिजनों ने उठाए सवाल, जांच जारी।

रोहतक: जिले के टिटौली गांव निवासी नरेश (52) की शुक्रवार देर रात संदिग्ध हालात में मौत हो गई। इसे अपराध जांच शाखा (सीआईए) दो की टीम पूछताछ के लिए लाई थी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई के शवगृह में रखवा दिया है। शनिवार सुबह परिवार के बयान के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस के मुताबिक, टिटौली निवासी ठेकेदार अनूप को पिछले दिनों धमकी मिली थी। उन्हें रणदीप नाम के किसी व्यक्ति ने रंगदारी मांगने की धमकी दी थी। इस बारे में सिविल लाइन पुलिस ने एफआईआर दर्ज की हुई है। इसी प्रकार, जींद में भी उन पर धमकी की एक

एफआईआर दर्ज है। मामले में अपराध जांच शाखा दो कार्यालय में टिटौली के ही नरेश व उनके मामा के बेटे जींद के रामरा निवासी सोमवीर को पूछताछ के लिए बुलाया था। इसके बाद यहां से उन्हें एक निजी अस्पताल भी ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक के परिजनों ने इसके लिए पुलिस पर संदेह जताया है। फिलहाल, परिजनों के बयान दर्ज नहीं हुए हैं। डीएसपी दलीप सिंह मामले की सूचना मिलने के बाद निजी अस्पताल पहुंचे व स्थिति का जायजा लिया। इस मामले में फिलहाल पुलिस अधिकारी कुछ भी बोलने से बच रहे हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.