गुड़गांव: इलेक्ट्रिक शिपमेंट में छिपाकर भेजी जा रही थी विदेशी शराब, पुलिस ने पकड़ा

गुड़गांव में एक्स-रे स्कैनिंग से खुली शराब तस्करी की पोल! बिजली के सामान के डिब्बों से निकली 73 महंगी विदेशी शराब की बोतलें। बिलासपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

गुड़गांव : तावडू रोड स्थित एक नामी डिलीवरी कंपनी में दिल्ली से आए इलेक्ट्रिक आइटम के शिपमेंट में भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद हुई है। एक्स-रे स्कैनिंग के दौरान सुरक्षा अधिकारी की सतर्कता से इस तस्करी का भंडाफोड़ हुआ।

पुलिस के मुताबिक, कंपनी के सिक्योरिटी ऑफिसर महेश लडान ने बताया कि 27 अप्रैल को दिल्ली से बिजली के सामान के नाम पर तीन बड़े शिपमेंट बॉक्स आए थे। जब इन बॉक्सों को कंपनी की एक्स-रे मशीन से गुजारा गया, तो स्क्रीन पर संदिग्ध बोतलों की आकृति दिखाई दी। शक होने पर तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना पाकर बिलासपुर थाना के सब-इंस्पेक्टर बीरेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जब शिपमेंट बॉक्स खोले गए, तो उनके अंदर नीले रंग के तीन प्लास्टिक ड्रम मिले। इन ड्रमों की जांच करने पर पुलिस भी दंग रह गई। ड्रमों के अंदर से नामी ब्रांड्स की कुल 73 बोतलें बरामद हुईं, जिनमें शामिल हैं रेड लेबल की 24 बोतल, जेमसन की 14 बोतल, पॉल जॉन की 12 बोतल,विलियम लॉसन की 12 बोतल,ब्लैक एंड व्हाइट की छह बोतल और बैलेन्टाइन की पांच बोतल बरामद की गई।

पुलिस ने शराब की बोतलों को कब्जे में लेकर सील कर दिया है और अज्ञात भेजने वाले के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब दिल्ली के उस पते की जांच कर रही है जहां से यह खेप बुक की गई थी, ताकि तस्करी के इस नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published.