बाराबंकी: शादी से पहले दूल्हे ने रखी ‘चूल्हे’ की शर्त, दुल्हन ने दिया दिल जीतने वाला जवाब

बाराबंकी में अनोखी शादी: गैस सिलेंडर न मिलने से परेशान दूल्हे ने जयमाल से पहले दुल्हन के सामने रखी शर्त। जानें क्यों वायरल हो रहा है लक्ष्मी का समझदारी भरा जवाब।

भीषण गर्मी और रसोई गैस की किल्लत के बीच बाराबंकी जिले में एक अनोखी शादी इन दिनों सुर्खियों में है. यहां सात फेरे लेने से पहले दूल्हे ने दुल्हन के सामने ऐसी शर्त रख दी, जिसे सुनकर मौके पर मौजूद लोग कुछ देर के लिए हैरान रह गए. हालांकि दुल्हन ने समझदारी दिखाते हुए शर्त मान ली और इसके बाद धूमधाम से शादी की रस्में पूरी हुईं.

मामला लोनी कटरा थाना क्षेत्र के खैरा बीरू गांव का है, जहां रहने वाले दूल्हे अशोक ने शादी से ठीक पहले अपनी होने वाली पत्नी लक्ष्मी के सामने एक अलग तरह की शर्त रख दी. दरअसल, शादी से पहले अशोक को घरेलू गैस सिलेंडर लेने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा. कई दिनों तक एजेंसी के चक्कर लगाने और लंबी लाइन में लगने के बावजूद समय पर सिलेंडर नहीं मिल सका.

दुल्हन ने भर दी हामी

इसी अनुभव के चलते दूल्हे ने जयमाल से पहले दुल्हन से पूछा कि यदि भविष्य में गैस की किल्लत हो जाए तो क्या वह चूल्हे पर खाना बनाने के लिए तैयार रहेंगी. यह सवाल सुनकर बाराती और घराती कुछ पल के लिए चौंक गए, लेकिन दुल्हन लक्ष्मी ने बिना हिचकिचाए हामी भर दी.

इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी कहा कि जरूरत पड़ी तो वह खेत में काम करने से भी पीछे नहीं हटेंगी. दुल्हन के इस जवाब से दूल्हा संतुष्ट हो गया और माहौल हल्का हो गया. इसके बाद पूरे रीति-रिवाज के साथ जयमाल और शादी की अन्य रस्में संपन्न हुईं.

क्या बोले ग्रामीण?

ग्रामीणों का कहना है कि यह घटना भले ही अनोखी लगे, लेकिन इसमें एक बड़ा संदेश छिपा है. आज के समय में जहां छोटी-छोटी बातों पर रिश्तों में दरार आ जाती है, वहीं इस जोड़े ने परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालने और साथ निभाने का उदाहरण पेश किया है.

Leave A Reply

Your email address will not be published.