सोनीपत पुलिस की बड़ी लापरवाही: छात्रों को बदमाश समझकर मारी गोली, जांच शुरू
सोनीपत में पुलिस ने हुंडई वेन्यू सवार छात्रों को गलती से बदमाश समझकर गोली मार दी। घायल छात्र शौर्य अस्पताल में भर्ती। पुलिस कमिश्नर ममता सिंह ने दिए जांच के आदेश।
सोनीपत: जिले में गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक कार में दो बदमाशों के सवार होने की सूचना पर क्राइम ब्रांच खरखोदा और गोहाना सदर की टीम ने कार में सवार एक छात्र को गोली मार दी. वहीं कार सवार दूसरे व्यक्ति को पकड़ लिया. घायल छात्र शौर्य और कार सवार अमित सोनीपत का निवासी है.
पुलिस की कार्रवाई सवालों के घेरे मेंः गांव फरमाना में अपने दोस्त की हुंडई वेन्यू कार में कोल्ड ड्रिंक लेने गए थे लेकिन पुलिस ने उनकी कार को बदमाशो की कार समझकर इस मुठभेड़ को अंजाम दे डाला, पुलिस की यह कार्रवाई सवालों के घेरे में आ गई है.
बदमाशों के शक में छात्र को मारी गोलीः रोहतक के एक गांव में गोलियां चलाकर हुंडई वेन्यू कार में सवार बदमाश रफू चक्कर हो गए. पुलिस कंट्रोल रूम से हुंडई वेन्यू कार की वीटी पूरे हरियाणा में की गई. इसी बीच सोनीपत के रहने वाले दो छात्र शौर्य और अमित जोकि इंडियन नेशनल लोकदल की छात्र इकाई के कार्यकर्ता है, अपने साथी इशू के साथ गांव आवली से गुजरने वाली ड्रेन की सफाई का ठेका लिए हुए है, शौर्य और अमित अपनी हुंडई वेन्यू कार से कुछ ही किलोमीटर पर स्थित गांव फरमाना की तरफ कोल्ड ड्रिंक लेने निकल आए तो पुलिस ने उनकी कार को बदमाशों की हुंडई वेन्यू कार समझ लिया.
छात्रों की कार को समझा बदमाशों की कारः छात्रों की कार देखते क्राइम ब्रांच खरखोदा और गोहाना सदर की टीमों ने दोनों की कार का पीछा करना शुरू किया तो शौर्य और अमित जब कार से उतरने लगे तो शौर्य के पैर में क्राइम ब्रांच खरखोदा के एक कर्मचारी ने गोली मार दी और अमित को पकड़ लिया. इसके बाद पुलिस टीम को आभास हुआ कि ये दोनों छात्र हैं तो पुलिस शौर्य को आनन-फानन में गोहाना एक निजी अस्पताल में इलाज के लेकर पहुंची. वहां से डॉक्टरों ने उसे एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया.
पुलिस कमिश्नर से मिले परिजनः इसी बीच गोली से घायल शौर्य और पुलिस द्वारा पकड़े गए अमित के परिजनों के मामले की जानकारी मिली और उनके परिजन आक्रोशित हो गए. इसी बीच इंडियन नेशनल लोकदल के कार्यकर्ताओं ने परिजनों के साथ पुलिस कमिश्नर ममता सिंह से मुलाकात की. पुलिस कमिश्नर ने परिजनों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया और पुलिस को इस मामले की गंभीरता से जांच करने का निर्देश दिया. इस मामले की गंभीरता से जांच का आश्वासन पुलिस कमिश्नर ममता सिंह ने परिजनों को भी दिया है.
क्या बोले एएसपीः मामले की जानकारी देते हुए एसीपी अजीत सिंह ने बताया कि “रोहतक में एक गांव में हुंडई वेन्यू कार से गोली चलाने की वीटी हुई थी और उसी कार की तलाश में पुलिस थी. उसी की एवज में यह एक संदिग्ध कार की वीटी यहां भी हुईं थी और पुलिस द्वारा फायर में एक शख्स को गोली लगी है. मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.”
एक बार फिर सवालों के घेरे में पुलिस: गोलीकांड के बाद सोनीपत क्राइम ब्रांच खरखोदा और गोहाना सदर पुलिस सवालों के घेरे में है कि बिना जांच पड़ताल किए बिना दो नौजवान युवकों के जीवन के साथ ऐसा खिलवाड़ क्यों किया गया. कानून सबके लिए बराबर है. चाहे वो उसकी रक्षा करने वाले पुलिस कर्मी हो क्यों न हो.