बरेली: ‘मुंह बोले बेटे’ ने की रिटायर्ड दरोगा की पत्नी की हत्या, शव बरामद

बरेली के मढ़ीनाथ में रिटायर्ड दरोगा की पत्नी शारदा यादव की बेरहमी से हत्या। 'मुंह बोले बेटे' वरुण ने जेवरों के लालच में वारदात को अंजाम देकर शव पीलीभीत में फेंका।

उत्तर प्रदेश के बरेली में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एलआईयू के रिटायर्ड दरोगा की पत्नी शारदा यादव की बेरहमी से हत्या कर दी गई. परिवार का आरोप है कि जिस युवक को मुंह बोला बेटा माना था, उसी ने इस वारदात को अंजाम दिया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और मामले की जांच में जुट गई है.

सुभाषनगर के मढ़ीनाथ इलाके में रहने वाले गजराज सिंह एलआईयू से दरोगा पद से रिटायर हुए हैं. उनकी पत्नी शारदा यादव एक साधारण गृहणी थीं. रिश्तेदार रिंकू यादव के मुताबिक, बिहारीपुर निवासी वरुण पारासरी का घर में आना-जाना था. धीरे-धीरे वह परिवार के बेहद करीब आ गया और शारदा उसे अपने बेटे जैसा मानने लगी थीं.

शारदा यादव घर वापस नहीं लौटीं

शनिवार दोपहर शारदा यादव घर से यह कहकर निकली थीं कि उन्हें बैंक में जेवर लॉकर में रखने हैं. लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटीं. जब देर शाम तक उनका कोई पता नहीं चला तो परिवार वालों ने पुलिस से मदद मांगी, लेकिन शुरुआत में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. इसके बाद परिजन खुद ही तलाश में जुट गए.

सर्विलांस और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की मदद से पता चला कि शनिवार को सुबह 11:54 बजे वरुण ने शारदा को फोन किया था. इसके चार मिनट बाद, 11:58 बजे शारदा को मढ़ीनाथ इलाके में एक कार में बैठते हुए देखा गया. यह कार वरुण की ही थी. यहीं से शक गहराता चला गया.

परिजनों ने पुलिस को पूरी जानकारी दी, जिसके बाद सोमवार शाम पुलिस ने वरुण को हिरासत में ले लिया. सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया और उसकी निशानदेही पर पीलीभीत के जहानाबाद इलाके के पास से शारदा का शव बरामद कर लिया गया. शव मिलने की खबर से परिवार में कोहराम मच गया. वरुण नगर निगम में संविदा कर्मी है.

योजना बनाकर दिया वारदात को अंजाम

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह हत्या अचानक नहीं की गई, बल्कि पूरी योजना के तहत अंजाम दी गई. वरुण पहले परिवार के करीब आया, उनका भरोसा जीता और फिर मौका देखकर शारदा को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया.

पुलिस ने आरोपी की कार भी बरामद कर ली है, जिसमें खून के निशान मिले हैं. कार के अंदर रखे एक भारी औजार (पाना) पर भी खून लगा हुआ था. आशंका है कि इसी से शारदा के सिर पर वार कर उनकी हत्या की गई. परिवार का यह भी कहना है कि शारदा हमेशा गले में सोने की चेन और हाथों में अंगूठियां पहनती थीं, जिनका वजन करीब छह तोला बताया जा रहा है. ऐसे में शक जताया जा रहा है कि हत्या के पीछे लालच भी एक बड़ी वजह हो सकती है.

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की जानकारी मिलते ही एसपी सिटी खुद मौके पर पहुंचे और जांच का जायजा लिया. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा, हालांकि प्रथम दृष्टया सिर पर गंभीर चोट लगने से मौत मानी जा रही है.

Leave A Reply

Your email address will not be published.