कुरुक्षेत्र: नगर परिषद कर्मी ने की खुदकुशी, सोनिया और साथियों पर उकसाने का आरोप

कुरुक्षेत्र में सफाई कर्मी रमन ने संतपुरा स्थित मकान में फंदा लगाकर जान दी। परिजनों ने लिव-इन पार्टनर सोनिया और अन्य पर मकान बेचने के दबाव और प्रताड़ना का आरोप लगाया है।

कुरुक्षेत्र  : कुरुक्षेत्र में नगर परिषद थानेसर के सफाई कर्मी ने सुसाइड कर लिया। घर पर रस्सी के साथ कर्मी का शव फंदे पर लटका मिला। सफाई कर्मी अपने संतपुरा स्थित मकान में एक महिला के साथ लिव-इन-रिलेशनशिप में रहता था। परिवार ने महिला और उसके साथियों पर सुसाइड के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

मृतक की पहचान रमन कुमार 30 निवासी बहादुरपुरा के रूप में हुई। अभी रमन संतपुरा में एक महिला के साथ रहता था। करीब 4 साल पहले उसकी पत्नी पुष्पा अपने दोनों बेटियों को साथ लेकर मायके में रह रही थी।

सुसाइड नोट भी मिला

शिव कुमार निवासी इशाकपुर ने बताया कि रमन उसका भांजा था। घटनास्थल से एक सुसाइड नोट मिला है। इसमें उसने अपने ससुराल के लोगों पर आरोप लगाए हैं। दावा किया कि सुसाइड नोट पर रमन के साइन नहीं हैं। हैंडराइटिंग भी उसकी नहीं है। यह नोट उसके साथ रहने वाली महिला ने लिखकर रखा है।

मकान को लेकर विवाद 

मामा शिव कुमार ने बताया कि सोनिया और रमन के साथ काम करने वाले कर्मी की उसके मकान पर नजर थी। आरोप है कि सोनिया और कर्मी रमन पर उस मकान को बेचने के लिए दबाव बना रहे थे। करीब 30 लाख रुपए में मकान बेचने के कागज भी तैयार करवा लिए गए थे।

खरीदार ने नहीं खरीदा मकान

बाद में जब खरीदार को शक हुआ कि कागज सही नहीं हैं। साथ उसे पता चला कि यह मकान रमन को उसके मामा ने बनाकर दिया है। इसलिए उसने मकान लेने से इनकार कर दिया। प्रॉपर्टी डीलर भी मकान लेने से पीछे हट गए। जब मकान नहीं बिका, तो रमन को नौकरी में अटेंडेंस और अन्य बातों को लेकर कर्मी ने परेशान करना शुरू कर दिया।

पुलिस कर रही मामले की जांच- अमित कुमार

थाना सुभाष मंडी पुलिस चौकी के इंचार्ज अमित कुमार ने बताया कि कल शव का पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा। बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। सुसाइड नोट की भी जांच होगी, जिसमें हैंडराइटिंग और अन्य पहलुओं को परखा जाएगा। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है, ताकि आत्महत्या के पीछे की असली वजह सामने आ सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published.