जींद: रिश्ते को कलंकित करने वाली घटना, दादा ने नाबालिग पोती से किया दुष्कर्म
जींद के गढ़ी क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला। दादा ने नाबालिग पोती को नशीली गोलियां खिलाकर किया दुष्कर्म। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जींद: गढ़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत रिश्ते में दादा लगने वाले एक व्यक्ति द्वारा अपनी ही नाबालिग पोती के साथ नशीली गोलियां खिलाकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है।
नाबालिग लड़की ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गढ़ी थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक गांव का रहने वाला व्यक्ति रिश्ते में उसका दादा लगता है जिसके साथ वह गांव में गई हुई थी। उस दौरान उसके घर पर कोई नहीं था। उसने कुछ गोलियां खाने के लिए उसे दीं जिसके बाद उसे गहरी नींद आ गई। जब काफी समय के बाद वह सोकर उठी तो उसे दर्द महसूस हुआ।
आरोप है कि रिश्ते में दादा लगने वाले उक्त व्यक्ति ने नशे की गोलियां खिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी ने उसे घटना के बारे में किसी को भी कुछ बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी। बाद में उसने घर आने पर पूरी घटना के बारे में अपने परिजनों को बताया जिसके बाद परिजन नाबालिग लड़की के साथ पुलिस के पास पहुंचे और पूरे मामले के बारे में शिकायत दी।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने केस दर्ज करके आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस मामले को लेकर जांच अधिकारी सुनीता ने बताया कि शिकायत मिलते ही तुरंत आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। इस मामले की बारीकी व गहनता से तफ्तीश की जा रही है।