Karnal Byelection Result: करनाल पंचायत उपचुनाव के नतीजे घोषित, पाल सिंह और अन्नु रानी ने दर्ज की जीत

करनाल पंचायत उपचुनाव के परिणाम जारी: जिला परिषद वार्ड 10 से पाल सिंह विजयी। सरवन माजरा और रिसालवा में महिला सरपंचों का दबदबा। जानें कुंजपुरा में क्यों रुकी मतगणना।

करनाल: पंचायती राज संस्थाओं के उपचुनाव के लिए 10 मई को मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया. इस उपचुनाव में जिला परिषद के वार्ड नंबर 10 के पार्षद, इंद्री उपमंडल के गांव सरवन माजरा में सरंपच, गांव कुंजपुरा में सरपंच, असंध उपमंडल के गांव रिसालवा में सरपंच व चिड़ाव खण्ड के गांव औंगध में पंच पद का चुनाव शामिल रहा. कुंजपुरा गांव में सरपंच पद के उपचुनाव के मतों की गणना को छोड़कर बाकी सभी उक्त पदों के मतों की गणना मतदान की समाप्ति के उपरांत की गई और मौके पर ही परिणाम भी घोषित किए गए.

वोटिंग के लिए बनाए गए थे 53 मतदान केंद्र: उपायुक्त डॉक्टर आनंद कुमार शर्मा ने बताया कि जिला परिषद के वार्ड नंबर 10 के पार्षद, इंद्री उपमंडल के गांव सरवन माजरा में सरंपच, गांव कुंजपुरा में सरपंच, असंध उपमंडल के गांव रिसालवा में सरपंच व चिड़ाव खण्ड के गांव औंगध में पंच पद के लिए मतदान सम्पन्न हो गए. उन्होंने उपचुनाव के परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि उक्त सभी पदों के उप चुनाव के दृष्टिगत प्रशासन की ओर से कुल 53 मतदान केंद्र बनाए गए थे.

जिला परिषद वार्ड नंबर 10 के उपचुनाव में पाल सिंह जीते: इनमें जिला परिषद वार्ड नंबर 10 के उपचुनाव के लिए 41 मतदान केंद्र रहे. जिला परिषद के वार्ड नंबर 10 के इन सभी मतदान केंद्रों पर 35455 मतदाताओं में से 14656 मतदाताओं ने मतदान किया जोकि 41.34% प्रतिशत रहा. मतदान के संपन्न होने के उपरांत स्थानीय पंचायत भवन के सभागार में मतगणना की गई और मौके पर ही परिणाम घोषित किया गया. इस उपचुनाव में पाल सिंह 384 वोट के अंतर से विजयी हुए.

पंचायत उपचुनाव में इन उम्मीदवारों की जीत: उपायुक्त ने बताया कि “खंड इंद्री की सरवन माजरा ग्राम पंचायत में सरपंच पद के लिए हुए उपचुनाव में अन्नु रानी सबसे अधिक 676 वोट प्राप्त कर 538 वोट से चुनाव में जीत गई. खंड असंध की ग्राम पंचायत रिसालवा में हुए सरपंच पद के चुनाव में मीना कुमारी ने शानदार जीत दर्ज की. मीना कुमारी को 349 मत प्राप्त हुए. ग्राम पंचायत कुंजपुरा के चुनाव में तीन महिला प्रत्याशी मैदान में है, लेकिन हाईकोर्ट के आदेश के कारण मतदान के बाद मतगणना नहीं हुई. जबकि ओंगद गांव के वार्ड नंबर 11 में पंच पद के उप चुनाव में रेणु देवी ने सर्वाधिक 43 वोट के अंतर से जीत हासिल की.”

Leave A Reply

Your email address will not be published.