Haryana Weather Update: फरीदाबाद में 45.2°C के साथ भीषण गर्मी, 11 से 14 मई तक बारिश और आंधी का अलर्ट
हरियाणा में गर्मी का सितम: फरीदाबाद के बोपानी में पारा 45.2 डिग्री पार। मौसम विभाग ने 11 से 14 मई तक बारिश, गरज-चमक और 60kmph की रफ्तार से तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया।
चंडीगढ़: हरियाणा में मौसम बदलने के बावजूद गर्मी का असर कम नहीं हो रहा. रविवार को प्रदेश का सबसे ज्यादा तापमान फरीदाबाद के बोपानी में 45.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं भिवानी में 42 डिग्री और सिरसा में 41.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ. मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक मौसम परिवर्तनशील रहने की संभावना जताई है. कई जिलों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है.
हरियाणा का अधिकतम तापमान: प्रदेश में दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. फरीदाबाद के बोपानी इलाके में तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो प्रदेश में सबसे ज्यादा रहा. इसके अलावा भिवानी में 42 डिग्री और सिरसा में 41.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया.
पश्चिमी विक्षोभ का असर: मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम में बदलाव जरूर दिख रहा है, लेकिन फिलहाल तापमान में बड़ी गिरावट की संभावना नहीं है. दिन में उमस और गर्मी लोगों को परेशान करती रहेगी, जबकि शाम के समय कुछ इलाकों में तेज हवाएं और हल्की बारिश राहत दे सकती हैं. मौसम विभाग ने कहा है कि अगले तीन से चार दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा. हालांकि बादलवाही और रुक-रुक कर होने वाली बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है.
बारिश और तेज हवाओं की संभावना: मौसम विभाग के अनुसार 11 मई से 14 मई तक हरियाणा के कई जिलों में मौसम खराब रह सकता है. पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है. विशेष रूप से 11 मई को कई इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. वहीं 10 मई और 12 से 14 मई के बीच प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान है.
इन जिलों में जारी हुआ अलर्ट: विभाग ने पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर जिलों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है. इसके अलावा कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद और भिवानी जिलों में भी तेज हवाओं और बारिश की संभावना जताई गई है. पूर्वानुमान के मुताबिक चंडीगढ़, पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद और भिवानी में अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है.
किसानों और आम लोगों के लिए एडवाइजरी: मौसम विभाग ने लोगों को गरज-चमक के दौरान घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी है. विभाग ने कहा है कि खराब मौसम के समय पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें और सुरक्षित स्थानों पर रहें. किसानों को भी चेतावनी दी गई है कि तेज हवाओं और बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए मौसम सामान्य होने तक खेतों में कृषि कार्य टाल दें. विभाग का कहना है कि थोड़ी सी सावधानी बड़े हादसों से बचा सकती है.