Baghpat News: पिस्टल लहराकर सिपाही ने दी धमकी, कहा- ‘मैं सुंदर भाटी का भतीजा हूं’, वीडियो वायरल

यूपी के बागपत में सिपाही की गुंडागर्दी! नशे में धुत सिपाही ने पिस्टल लोड करते हुए खुद को सुंदर भाटी का भतीजा बताया और दी धमकी। पुलिस विभाग में मचा हड़कंप।

उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में तैनात एक सिपाही का पिस्टल लहराते हुए धमकी देने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है, वीडियो को देखने के बाद आम लोगों के बीच भय और नाराजगी, दोनों दिख रही है. हैरानी की बात यह है कि वीडियो में सिपाही कथित तौर पर शराब के नशे में भी नजर आ रहा है, जिससे पूरे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है.

वायरल वीडियो में वर्दीधारी सिपाही हाथ में पिस्टल लेकर उसे लोड करता हुआ दिखाई दे रहा है और फिल्मी अंदाज में खुलेआम धमकी देता नजर आता है. वीडियो में वह खुद को कुख्यात बदमाश सुंदर भाटी का भतीजा बताते हुए कहता है, मैं हूं सुंदर भाटी का भतीजा, जिसमें दम हो और जो करना है कर लो. इस दौरान उसकी भाषा, हाव-भाव और लड़खड़ाती गतिविधियां नशे की ओर इशारा कर रही हैं.

जानकारी के अनुसार, वीडियो में दिखाई दे रहा सिपाही दीपक भाटी वर्तमान में बागपत के थाना चांदीनगर क्षेत्र में तैनात है. हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वीडियो कब और कहां का है, लेकिन इसके वायरल होते ही पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया है.

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं. अधिकारियों का कहना है कि वीडियो की सत्यता, समय और परिस्थितियों की बारीकी से जांच की जा रही है. साथ ही, सिपाही के नशे में होने के पहलू को भी जांच में शामिल किया गया है.

पुलिस का कहना है कि यदि जांच में सिपाही दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी. इस घटना ने एक बार फिर पुलिस की छवि और अनुशासन पर सवाल खड़े कर दिए हैं. अब देखना होगा कि जांच के बाद क्या सख्त कदम उठाए जाते हैं, जिससे आम जनता का भरोसा कानून व्यवस्था पर बना रहे.

Leave A Reply

Your email address will not be published.