Haryana Weather Update: हरियाणा के 8 जिलों में आंधी-बारिश का Yellow Alert; सिरसा में पारा 44 डिग्री पार
हरियाणा में मौसम का यू-टर्न! गुरुग्राम और फरीदाबाद समेत 8 जिलों में आंधी और बूंदाबांदी का यलो अलर्ट। 16 मई से भीषण लू (Heatwave) चलने की चेतावनी।
चंडीगढ़: हरियाणा में भीषण गर्मी के बीच शुक्रवार को मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) चंडीगढ़ ने दक्षिण हरियाणा के 8 जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की बूंदाबांदी का यलो अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार कई इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ स्थानों पर हवा की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना है.
इन जिलों में जारी हुआ यलो अलर्ट: मौसम विभाग ने महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, मेवात (नूंह), झज्जर और चरखी दादरी जिलों में अलर्ट जारी किया है. विभाग का कहना है कि दिन के समय तेज धूलभरी हवाएं चल सकती हैं और कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश भी हो सकती है. हालांकि मौसम में यह बदलाव अस्थायी रहेगा और अगले 24 घंटे बाद फिर गर्मी का असर बढ़ने लगेगा.
12 शहरों में तापमान 40 डिग्री पार: प्रदेश में गुरुवार को गर्मी का असर लगातार बना रहा. औसत अधिकतम तापमान में 0.6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई. सिरसा सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ. इसके अलावा नारनौल में 42.7, भिवानी में 42.5, रोहतक में 42, हिसार में 41.7 और महेंद्रगढ़ में 41.3 डिग्री तापमान दर्ज किया गया. फरीदाबाद, नूंह, रेवाड़ी, गुरुग्राम, चरखी दादरी और जींद में भी पारा 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया.
16 मई से फिर बढ़ेगी गर्मी: हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 15 मई तक पश्चिमी विक्षोभ का आंशिक प्रभाव बना रहेगा. विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि, “16 मई से 20 मई तक प्रदेश में मौसम सामान्यतः शुष्क रहेगा. इस दौरान दिन के तापमान में लगातार बढ़ोतरी होगी और गर्म व शुष्क पश्चिमी हवाएं चलने से हीटवेव जैसे हालात बनने की संभावना है.”
रात के तापमान में हल्की राहत: जहां दिन में गर्मी लोगों को परेशान कर रही है, वहीं रात के तापमान में अभी थोड़ी राहत बनी हुई है. गुरुवार को हरियाणा का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.4 डिग्री नीचे दर्ज किया गया. करनाल सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ. अंबाला, गुरुग्राम और नूंह में भी रात का तापमान 20 से 21 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया.