Bhiwani News: भिवानी में 14 दिन बाद खत्म हुई सफाई कर्मचारियों की हड़ताल; सड़कों से उठने लगा 60 टन कचरा
भिवानी के लोगों को मिली बड़ी राहत! सरकार और नगर पालिका कर्मचारी संघ के बीच 16 मांगों पर सहमति के बाद हड़ताल खत्म। शहर से 60 टन कचरा हटाने का काम शुरू।
भिवानी। सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते गंदगी और दुर्गंध की मार झेल रहे लोगों को वीरवार को राहत मिली। नगर पालिका कर्मचारी संघ और सरकार के बीच 17 में से 16 मांगों पर सहमति बनने के बाद 14 दिनों से जारी हड़ताल खत्म हो गई। इसके साथ ही शहर की सड़कों व 250 कचरा प्वाइंटों से लगभग 60 टन कचरे का उठान शुरू हो गया।
नगर पालिका कर्मचारी संघ के प्रदेश सचिव पुरुषोत्तम दानव ने हड़ताल समाप्ति की घोषणा करते हुए बताया कि 17 सूत्रीय मांगपत्र में से 16 मांगों पर सरकार के साथ सहमति बनी है। इसमें कच्चे कर्मचारियों का नियमितीकरण, समान काम-समान वेतन, सेफ्टी किट, मृतक आश्रितों को नौकरी और कौशल रोजगार निगम से मुक्ति जैसे प्रमुख मुद्दे शामिल हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इन समझौतों को लागू करने में देरी या वायदा खिलाफी की तो कर्मचारी बिना पूर्व सूचना के बड़े स्तर पर आंदोलन शुरू कर देंगे।
बेसहारा पशुओं और संक्रमण का बढ़ गया था खतरा : हड़ताल के दौरान मुख्य रास्तों पर कूड़े के ढेर लगने से बेसहारा पशुओं का जमावड़ा बढ़ गया था जिससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई थी। बारिश के कारण कचरा सड़ने लगा था जिससे बीमारियों के फैलने का खतरा पैदा हो गया था। स्थानीय निवासियों ने कहा कि पिछले दो हफ्तों से दुर्गंध के कारण घरों की खिड़कियां खोलना भी दूभर था अब कचरा उठान शुरू होने से जीवन सामान्य होने की उम्मीद जगी है।