Hisar Road Accident: हिसार में दो ट्रकों की भीषण भिड़ंत के बाद लगी आग, फतेहाबाद के चालक की जिंदा जलने से मौत

हिसार के सेक्टर 33 में दर्दनाक सड़क हादसा। दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर के बाद फटा डीजल टैंक, आग में जिंदा जला फतेहाबाद के चिंदड़ गांव का ट्रक चालक जगन।

हिसार: शुक्रवार को हिसार में दो ट्रकों के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई. टक्कर लगते ही दोनों ट्रक पलट गए और आग लग गई. देखते ही देखते एक पूरा ट्रक जलकर राख हो गया. इस आग में ट्रक चालक की जिंदा जलने से मौत हो गई. हिसार के सेक्टर 33 में ये हादसा हुआ. सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. मृतक का शव ट्रक में फंस गया था. ट्रक को काटकर उसका शव टुकड़ों में निकाला गया.

जिंदा जला ट्रक चालक: बताया जा रहा है कि टक्कर के बाद ट्रक का डीजल टैंक फट गया. जिसके चलते आग लग गई. आग इतनी भयंकर थी कि देखते ही देखते पूरा ट्रक जलकर राख हो गया. ट्रक ड्राइवर को बाहर आने का मौका तक नहीं मिला. ट्रक की बॉडी को काटकर ड्राइवर का शव बाहर निकाला गया. जलने की वजह से शव को बाहर निकालने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी. कई टुकड़ों में शव को कट्टे में भर कर एंबुलेंस की मदद से पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजा गया.

दो ट्रकों की टक्कर के बाद लगी आग: बताया जा रहा है कि दूसरे ट्रक में तीन लोग सवार थे. जो हादसे के बाद फरार हो गए. फिलहाल हिसार पुलिस मामले की जांच में जुटी है. दोनों ट्रकों की टक्कर कैसे हुई. इस बात का अभी तक पता नहीं चल पाया है. मृतक ट्रक चालक की पहचान फतेहाबाद के चिंदड गांव निवासी जगन के तौर पर हुई है. जगन तोशाम की खानक से रोडी क्रेशर भरकर सिरसा जा रहा था. जगन का विवाह चार साल पहले हुआ था. उसके एक बेटा है. जगन के पिता गांव में मजदूरी का काम करते हैं.

Leave A Reply

Your email address will not be published.