Nuh News: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर चला बुलडोजर; अवैध ढाबे और दुकानें जमींदोज
नूंह में सड़क हादसों को रोकने के लिए प्रशासन का सख्त एक्शन। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के किनारे बने अवैध ढाबों और दुकानों पर चला बुलडोजर। जानें क्या है पूरी कार्रवाई।
नूंह: नूंह जिले से गुजर रहे दिल्ली मुंबई बड़ोदरा एक्सप्रेस वे पर बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए पुलिस और जिला प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण तथा अवैध ढाबों के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू किया है। पिछले दो दिनों से लगातार चल रही इस कार्रवाई के तहत एक्सप्रेसवे के किनारे बने अवैध ढाबों, होटल, पंचर की दुकानों और अस्थायी ढांचों पर बुलडोजर चलाया जा रहा है।
प्रशासन का मानना है कि इन अवैध निर्माणों के कारण वाहन चालक सड़क किनारे रुकते हैं और अवैध पार्किंग होने से हादसों का खतरा बढ़ जाता है। यह अभियान गुरुवार से नूंह सदर थाना क्षेत्र से शुरू किया गया, जिसके बाद रोजका मेव, पिनंगवां, नगीना और फिरोजपुर झिरका थाना क्षेत्रों तक कार्रवाई को आगे बढ़ाया गया। कई स्थानों पर स्थानीय लोगों ने विरोध करने की कोशिश की, लेकिन भारी पुलिस बल की मौजूदगी में प्रशासन ने कार्रवाई जारी रखी। अब तक दो दर्जन से अधिक अवैध ढाबों और अस्थायी निर्माणों को हटाया या क्षतिग्रस्त किया जा चुका है।फिरोजपुर झिरका क्षेत्र में एसडीएम की मौजूदगी में विशेष अभियान चलाया गया, जहां एक्सप्रेसवे और अन्य मार्गों पर नंबर प्लेट छिपाकर चलने वाले वाहनों के चालान भी काटे गए।
नूंह पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर वाहन तेज गति से चलते हैं और सड़क किनारे अवैध ढाबों व दुकानों के कारण कई बार बड़े हादसे हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि अवैध पार्किंग और अतिक्रमण दुर्घटनाओं की प्रमुख वजह बन रहे हैं,इसलिए प्रशासन सख्त कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने बताया कि जल्द ही एसपी डॉ अर्पित जैन के नेतृत्व में केएमपी और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर संयुक्त निरीक्षण अभियान भी चलाया जाएगा। इस दौरान सड़क किनारे बने अवैध निर्माणों और अतिक्रमणों को हटाने की कार्रवाई और तेज की जाएगी।
बता दें कि हाल ही में कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेसवे पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में उत्तर प्रदेश पुलिस के चार जवानों सहित पांच लोगों की मौत हो गई थी। प्रारंभिक जांच में सड़क किनारे अवैध पार्किंग को हादसे की बड़ी वजह माना गया था। इसी के बाद प्रशासन ने दोनों एक्सप्रेसवे पर अवैध ढाबों और अतिक्रमण के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि एक्सप्रेसवे किनारे अवैध रूप से बनाए गए ढांचे स्वयं हटा लें, अन्यथा आगे भी लगातार बुलडोजर कार्रवाई जारी रहेगी।