Haryana Weather: हरियाणा में भीषण गर्मी का सितम; 16 जिलों में लू का अलर्ट, सिरसा 46.2°C पार

हरियाणा में राजस्थान की गर्म हवाओं से पारा 46.2 डिग्री पहुंचा। मौसम विभाग ने 16 जिलों में लू का यलो अलर्ट जारी किया है। अगले 3 दिन और बढ़ेगी तपिश, जानें अपडेट।

चंडीगढ़: हरियाणा में राजस्थान से आने वाली गर्म और शुष्क हवाओं ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है. पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में 1.9 डिग्री सेल्सियस की भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है. मौसम विभाग के अनुसार तापमान सामान्य से 2.9 डिग्री अधिक पहुंच चुका है, जिससे लोगों को मई में ही जून जैसी भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है.

16 जिलों में लू का यलो अलर्ट जारी: वहीं, आईएमडी ने मंगलवार को हरियाणा के 16 जिलों में हीटवेव को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है. विभाग ने चेतावनी दी है कि इन इलाकों में धूलभरी गर्म हवाएं चल सकती हैं और तेज धूप के कारण लोगों की तबीयत बिगड़ने का खतरा रहेगा. प्रशासन ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है.

सिरसा बना सबसे गर्म जिला: प्रदेश में सोमवार को सिरसा सबसे गर्म जिला रिकॉर्ड किया गया, जहां अधिकतम तापमान 46.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. इसके अलावा रोहतक में 45.2°C, हिसार में 44.4°C, नारनौल में 44.3°C और भिवानी में 44°C तापमान दर्ज किया गया. अंबाला में भी पारा 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से 4.1 डिग्री ज्यादा रहा. लगातार बढ़ती गर्मी ने लोगों की दिनचर्या प्रभावित कर दी है और बाजारों में दोपहर के समय सन्नाटा देखने को मिल रहा है.

अगले तीन दिन और बढ़ेगी तपिश: मौसम विभाग के अनुसार 20 मई को हीटवेव का असर और बढ़ेगा तथा प्रदेश के सभी 22 जिलों में यलो अलर्ट लागू कर दिया जाएगा. 21 और 22 मई को भी लू का प्रकोप जारी रहेगा. लगातार चलने वाली गर्म हवाओं के कारण रात के तापमान में भी बढ़ोतरी होगी, जिससे लोगों को राहत मिलने की संभावना बेहद कम है. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 25 मई से शुरू होने वाले नौतपा के दौरान गर्मी और अधिक खतरनाक रूप ले सकती है.

रात का तापमान भी बढ़ा: दिन के साथ-साथ रातें भी गर्म होने लगी हैं. पिछले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में 0.7 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है. अंबाला में न्यूनतम तापमान 28.7°C रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 4.3 डिग्री अधिक है. हालांकि राहत की बात यह रही कि सोनीपत में सबसे कम न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग का मानना है कि बारिश नहीं होने के कारण आने वाले दिनों में गर्मी और अधिक बढ़ सकती है.

Leave A Reply

Your email address will not be published.