Haryana Weather: भिवानी में टूटा 38 साल का रिकॉर्ड, हरियाणा में सबसे गर्म रात; लू का रेड अलर्ट

हरियाणा के भिवानी में टूटा 38 साल का रिकॉर्ड, न्यूनतम तापमान 36.6°C दर्ज। सिरसा में पारा 45.8°C पार। 24 मई से फिर चलेगी भीषण लू (Severe Heatwave), IMD का अलर्ट।

चंडीगढ़: हरियाणा में भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है. दिन के साथ अब रातें भी लोगों को राहत नहीं दे रही हैं. प्रदेश में 38 साल बाद सबसे गर्म रात रिकॉर्ड की गई है. मौसम विभाग और चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है, लेकिन इसके बाद फिर से तेज गर्मी और लू का दौर शुरू होने की संभावना है.

भिवानी में टूटा 38 साल पुराना रिकॉर्ड: प्रदेश के भिवानी जिले में रात का तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले 38 वर्षों में सबसे अधिक है. इससे पहले वर्ष 1988 में गुरुग्राम में रात का तापमान 34.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था. लगातार बढ़ती गर्मी के कारण लोगों को रात के समय भी राहत नहीं मिल पा रही है और कूलर तथा एसी का इस्तेमाल लगातार बढ़ रहा है.

आठ शहरों में रात का तापमान 30 डिग्री पार: हरियाणा के हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, फरीदाबाद, गुरुग्राम, महेंद्रगढ़, नूंह और रोहतक में न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रिकॉर्ड किया गया. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि सामान्य से अधिक न्यूनतम तापमान स्वास्थ्य पर भी असर डाल सकता है, खासकर बुजुर्गों और बच्चों के लिए यह स्थिति चुनौतीपूर्ण बन रही है.

सिरसा सबसे गर्म शहर रहा: प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान सिरसा में 45.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. इसके अलावा रोहतक में 45.5 डिग्री, हिसार में 44.3 डिग्री, अंबाला में 44.2 डिग्री और नारनौल में 44.2 डिग्री तापमान दर्ज हुआ. मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 4 डिग्री अधिक बना हुआ है.

दो दिन मौसम बदलने के आसार: मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 22 और 23 मई को पश्चिमी विक्षोभ तथा राजस्थान के ऊपर बनने वाले साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से प्रदेश में आंशिक बादलवाही रह सकती है. इस दौरान धूलभरी हवाएं चलने और कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है. हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है.

24 मई से फिर बढ़ेगी गर्मी: मौसम विभाग ने 24 से 27 मई के बीच प्रदेश में फिर से शुष्क और अत्यधिक गर्म मौसम रहने का अनुमान जताया है. कई जिलों में हीटवेव और सीवियर हीटवेव को लेकर अलर्ट जारी किया गया है. लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने और अधिक से अधिक पानी पीने की सलाह दी गई है.

बिजली की मांग में बड़ा उछाल: तेज गर्मी के कारण प्रदेश में बिजली की खपत भी तेजी से बढ़ी है. कूलर, पंखे और एसी लगातार चलने से बिजली की मांग 26 करोड़ यूनिट से अधिक पहुंच गई है. यह पिछले सप्ताह की तुलना में करीब साढ़े चार करोड़ यूनिट ज्यादा बताई जा रही है. बिजली विभाग भी बढ़ती मांग को देखते हुए अधिक तैयारी में जुटा हुआ है.

Leave A Reply

Your email address will not be published.