Chandigarh Bomb Threat: हरियाणा सचिवालय और चंडीगढ़ के 11 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, हड़कंप

चंडीगढ़ में बड़ा सुरक्षा अलर्ट! हरियाणा मुख्यमंत्री कार्यालय और सेक्रेड हार्ट, डीपीएस समेत 11 स्कूलों को मिला बम की धमकी का ई-मेल। दिल्ली-अंबाला ट्रैक को भी उड़ाने का जिक्र।

चंडीगढ़ : चंडीगढ़ में उस समय हड़कंप मच गया जब हरियाणा सचिवालय स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय और शहर के 11 नामी स्कूलों को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली। धमकी भरा ई-मेल मिलते ही पुलिस प्रशासन, साइबर सेल और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट मोड पर आ गईं।

बता दें कि कई स्कूलों में बच्चों को एहतियातन बाहर निकाला गया, जबकि बम निरोधक दस्ते और डाग स्क्वाड ने कई घंटे तक तलाशी अभियान चलाया। इस ई-मेल में ‘चंडीगढ़ स्कूल्स 1 पीएम’ और ‘बम ब्लास्ट’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया गया है।ई-मेल में भड़काऊ भाषा का प्रयोग करते हुए चंडीगढ़ में धमाकों की चेतावनी दी गई। साथ ही छह जून तक अंबाला से दिल्ली रेल ट्रैक पर आईईडी ब्लास्ट करने की धमकी का भी जिक्र किया गया।

जानकारी के अनुसार धमकी मिलने वाले स्कूलों में सेक्टर-26 स्थित सेक्रेड हार्ट स्कूल, संत कबीर स्कूल, सेक्टर-45 स्थित सेंट स्टीफंस स्कूल, सेक्टर-26 स्थित सेंट जॉन्स स्कूल, सेक्टर-25 स्थित चितकारा इंटरनेशनल स्कूल, सेक्टर-40 स्थित डीपीएस स्कूल, पंजाब यूनिवर्सिटी स्थित अंकुर स्कूल, सेक्टर-47 स्थित माउंट कार्मेल स्कूल, सेक्टर-27 स्थित भवन विद्यालय, सेक्टर-41 स्थित आंचल स्कूल और सेक्टर-18 स्थित मॉडल स्कूल शामिल हैं।

यह चौथी बार है जब हरियाणा सचिवालय बम से उड़ाने की धमकी दी है। धमकी की सूचना पर पुलिस, बम निरोधक दस्ता, डाग स्क्वाड व फायर विभाग की टीमें अलग-अलग स्कूलों में पहुंचीं व जांच के बाद कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। ई-मेल भेजने वाले की पहचान की जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.