Bhiwani Fire News: भिवानी के नया बाजार में ट्रांसफार्मर फटा, आग से 3 दुकानें खाक, बिजली गुल

भिवानी के नया बाजार में ओवरहीट होकर बिजली ट्रांसफार्मर में लगी भीषण आग। फूल विक्रेताओं के 3 खोखे जलकर खाक। हांसी गेट समेत 5 इलाकों की बत्ती गुल।

भिवानी। शहर के नया बाजार क्षेत्र में शुक्रवार शाम करीब पौने चार बजे बिजली ट्रांसफार्मर में लगी आग ने फूल विक्रेताओं के तीन खोखों को जलाकर खाक कर दिया। आग इतनी भीषण थी कि ट्रांसफार्मर से उठी लपटें बिजली तारों के जरिये आसपास की दुकानों तक पहुंच गईं जिससे दुकानदारों में हड़कंप मच गया। हादसे के बाद नया बाजार, हांसी गेट, पुराना हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, पटेल नगर और पुराना बस स्टैंड क्षेत्र की बिजली आपूर्ति भी ठप हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और बिजली निगम के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। वहीं घटना स्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण ट्रांसफार्मर का ओवरहीट होकर चिंगारी उठना बताया जा रहा है। नया बाजार क्षेत्र के व्यापारी उज्ज्वल ने बताया कि शाम करीब पौने चार बजे अचानक ट्रांसफार्मर में आग लग गई। ट्रांसफार्मर की आग ने बिजली तारों के जरिए आसपास बने फूल विक्रेताओं के तीन खोखों को अपनी चपेट में ले लिया। फूल डेकोरेटर का सामान और खोखे देखते ही देखते जलकर खाक हो गए। वहीं बिजली तारों के माध्यम से आग अन्य दुकानों तक भी फैलने लगी।

दमकल विभाग के लीडिंग फायरमैन अजय ने बताया कि दमकल विभाग की दो गाड़ियों की मदद से ट्रांसफार्मर में लगी आग पर काबू पा लिया गया। हालांकि ट्रांसफार्मर के अंदर तेल में अब भी चिंगारी धधकने के कारण धुआं उठ रहा है। उन्होंने बताया कि आग लगने से आसपास की दुकानों और फूल विक्रेताओं के खोखों में सामान का काफी नुकसान हुआ है। नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.