Water Polo: हरियाणा स्टेट वाटर पोलो चैंपियनशिप में करनाल की बेटियां बनीं चैंपियन
बहादुरगढ़ में आयोजित 7वीं हरियाणा स्टेट सीनियर वाटर पोलो चैंपियनशिप में करनाल की महिला टीम ने झज्जर को 6-4 से हराकर जीता खिताब। शाह सतनाम सिरसा रही तीसरे स्थान पर।
बहादुरगढ़ : बहादुरगढ़ की एचएल सिटी स्थित चैम्पियन्स एक्वेटिक एकेडमी में आयोजित 7वीं हरियाणा राज्य सीनियर वाटर पोलो चैम्पियनशिप में करनाल की महिला खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले में करनाल की टीम ने झज्जर को 6-4 के अंतर से हराकर पहला स्थान हासिल किया। झज्जर की टीम उपविजेता रही। तीसरे स्थान के लिए शाह सतनाम सिरसा और जींद की टीमों के बीच मुकाबला खेला गया, जिसमें शाह सतनाम सिरसा की टीम ने 2-0 से जीत दर्ज कर तीसरा स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता में प्रदेशभर के विभिन्न जिलों से आई महिला टीमों ने हिस्सा लिया और खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल कौशल का प्रदर्शन किया। आयोजन के दौरान खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर हरियाणा ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष एवं हरियाणा स्विमिंग एसोसिएशन के महासचिव अनिल खत्री ने विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि हरियाणा की महिला खिलाड़ियों में अपार प्रतिभा है। जिस तरह प्रदेश की बेटियां अन्य खेलों में देश और प्रदेश का नाम रोशन कर रही हैं, उसी प्रकार आने वाले समय में वाटर पोलो में भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हरियाणा की खिलाड़ी अपनी पहचान बनाएंगी।