Kurukshetra News: पत्नी से परेशान युवक ने वीडियो बनाकर नहर में लगाई छलांग? जांच में जुटी पुलिस

कुरुक्षेत्र के पिहोवा में एक युवक ने पत्नी पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए वीडियो बनाया और लापता हो गया। ज्योतिसर नहर में गोताखोर प्रगट सिंह की टीम तलाश कर रही है।

कुरुक्षेत्र : कुरुक्षेत्र जिले के पिहोवा से एक युवक लापता हो गया। युवक ने देर रात अपने मोबाइल से वीडियो बनाकर अपनी पत्नी पर परेशान करने के आरोप लगाए। रात ही उसने वीडियो को गोताखोर प्रगट सिंह के पास भेज दिया। वीडियो में उसने ज्योतिसर नहर की तरफ जाने की बात कही। इसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं लग पाया है। करीब 33 सेकेंड का यह वीडियो सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुपों में तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में युवक बाइक पर बैठा दिखाई दे रहा है। पीछे गुरुद्वारा बाउली साहिब का गेट नजर आ रहा है। युवक पंजाबी भाषा में बोल रहा है।

ढाई बजे किया शेयर

जानकारी के मुताबिक युवक ने यह वीडियो बनाकर रात करीब ढाई बजे गोताखोर प्रगट सिंह को भेजा था। सुबह जब प्रगट सिंह ने मैसेज देखा तो वह तुरंत ज्योतिसर नहर की तरफ पहुंचे और आस-पास तलाश शुरू की। काफी देर तक जांच और खोजबीन की गई, लेकिन युवक का कोई पता नहीं चल पाया।

मेरे घरवालों को डेड बॉडी ना देना

वीडियो में युवक ने बोला कि हाथ जोड़के विनती है कि मेरी डेड बॉडी को घरवालों को मत देना। मेरी घरवाली ने मुझे बहुत परेशान कर रखा है। पता नहीं किस बात को लेकर मुझे फोर्स कर रही है। घरवालों के बार फोन आ रहे है। मेरी बस यही विनती है कि मेरी डेड बॉडी घरवालों के हवाले मत करना।

फोन नंबर नहीं जा रही कॉल

घटना के बाद से युवक के मोबाइल नंबर पर कॉल नहीं जा रही है और नंबर बंद आ रहा है। उधर, गोताखोर प्रगट सिंह ने बताया कि उन्होंने अपनी टीम को अलर्ट किया है। उनकी टीम मिर्जापुर और किरमिच पुल के पास युवक की तलाश कर रही है। जिस नंबर से युवक ने गोताखोर को वीडियो भेजी, उसके व्हाट्सएप डीपी पर फोटो भी लगी है।

पुलिस कर रही मामले की जांच- सुनील वत्स

वीडियो मिलने के बाद गोताखोर ने मामले की सूचना पुलिस तक पहुंचाई। थाना पिहोवा सिटी SHO सुनील वत्स ने बताया कि मामले उनकी जानकारी में आया है, लेकिन युवक का नाम और पता उनके पास नहीं है। किसी परिवार ने अभी तक इस तरह लापता हुए युवक की शिकायत पुलिस को दी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.