Rewari Road Accident: रेवाड़ी में दर्दनाक हादसा, स्कॉर्पियो-ट्रक की टक्कर में पूरा परिवार खत्म
रेवाड़ी-जैसलमेर हाईवे पर स्कॉर्पियो और ट्रक की भीषण भिड़ंत। गांव बोडिया कमालपुर के पति-पत्नी और 13 वर्षीय बेटे की मौत। सीकर से एडमिशन कराकर लौट रहा था परिवार।
रेवाड़ी : रेवाड़ी-जैसलमेर नेशनल हाईवे पर सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। हादसा रात करीब डेढ़ बजे NH-11 पर धामलावास आईटीआई के पास हुआ, जहां स्कॉर्पियो और ट्रक की आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गैस कटर व हाइड्रा की मदद से शवों को गाड़ी से बाहर निकाला गया।
कार के उड़े परखच्चे
हादसा इतना भयानक था कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार पति-पत्नी व उनके 13 वर्षीय बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान गांव बोडिया कमालपुर निवासी ब्रजमोहन (लगभग 40 वर्ष) पुत्र रत्न सिंह, उनकी पत्नी अनीता (लगभग 38 वर्ष) और बेटे निमेष (लगभग 13 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि ब्रजमोहन निजी कंपनी में कार्यरत थे, जबकि उनकी पत्नी सरकारी अध्यापिका थीं। उनका इकलौता बेटा निमेष था। जानकारी के अनुसार परिवार गुरुग्राम से सीकर बेटे का एडमिशन कराने गया था और वापस लौटते समय यह हादसा हो गया। हादसे के बाद पूरे परिवार के खत्म हो जाने से गांव और क्षेत्र में शोक की लहर है। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए रेवाड़ी नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।