इनेलो का हल्ला बोल: महंगाई के खिलाफ 1 जून को अभय चौटाला का प्रदेशव्यापी प्रदर्शन

जींद के जुलाना में अभय चौटाला का सरकार पर हमला। महंगाई के विरोध में 1 जून को इनेलो करेगी प्रदर्शन। कांग्रेस और भाजपा को बताया जनता की निराशा का कारण।

जींद: जींद के जुलाना में इनेलो नेता अभय चौटाला ने महंगाई को लेकर केंद्र और प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि, “लगातार पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ रहे हैं, जिससे आम आदमी परेशान है. विपक्ष अपनी जिम्मेदारी निभाने में असफल रहा है. इसी कारण इनेलो ने फैसला लिया है कि एक जून को प्रदेशभर के जिला मुख्यालयों पर पार्टी कार्यकर्ता प्रदर्शन करेंगे और प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपेंगे.”

महिला सम्मेलन गर्मी के कारण टला: अभय चौटाला ने कहा कि, “पार्टी का प्रस्तावित महिला सम्मेलन भीषण गर्मी के कारण स्थगित किया गया है. अब इसकी नई तारीख जुलाई महीने में घोषित की जाएगी. संगठन को मजबूत बनाने के लिए 23 जिलों में प्रभारी नियुक्त किए गए हैं और बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने का अभियान चलाया जाएगा.”

कांग्रेस नेतृत्व पर साधा निशाना: कांग्रेस पर हमला बोलते हुए अभय चौटाला ने कहा कि, “प्रदेश में महंगाई के मुद्दे पर विरोध करना कांग्रेस की जिम्मेदारी थी, लेकिन पार्टी कमजोर लोगों के हाथ में होने के कारण प्रभावी भूमिका नहीं निभा पा रही है. जनता कांग्रेस और भाजपा दोनों से निराश हो चुकी है. इनेलो ही लोगों की आवाज उठाने का काम कर रही है.”

भाजपा सरकार पर लगाए गंभीर आरोप: अभय चौटाला ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने हर सरकारी दफ्तर में आरएसएस से जुड़े लोगों को बैठाया हुआ है. उन्होंने कहा कि, “पहले इन लोगों को हटाया जाना चाहिए, उसके बाद ही अन्य प्रशासनिक सुधारों की बात होनी चाहिए.” उन्होंने भाजपा पर समाज को जाति और धर्म के नाम पर बांटने का आरोप भी लगाया.

चौधरी देवीलाल के शासनकाल को बताया स्वर्णिम दौर: इनेलो नेता ने कहा कि, “वास्तविक विकास कार्य पूर्व उपप्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल के शासनकाल में हुए थे. उस समय कई टैक्स समाप्त किए गए, बुजुर्गों के लिए पेंशन योजना शुरू हुई और गांवों में जलघर बनवाए गए. किसानों को फसल खराब होने पर उचित मुआवजा भी दिया जाता था. कि पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला ने सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के जरिए आम जनता की समस्याओं को सीधे सरकार तक पहुंचाने का काम किया था.”

हुड्डा और जजपा पर भी हमला: अभय चौटाला ने कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर आरोप लगाते हुए कहा कि, “जिन क्षेत्रों ने उन्हें सबसे ज्यादा सम्मान दिया, वहीं की जमीनें बिकवाई गईं. किसानों को कमजोर करने वाले फैसलों के कारण जनता ने कांग्रेस को सत्ता से बाहर कर दिया. जजपा पार्टी भाजपा के साथ सत्ता का सुख भोगती रही, लेकिन बाद में भाजपा ने उन्हें अलग कर दिया.”

इनेलो को बताया भाजपा का विकल्प: अभय चौटाला ने स्पष्ट कहा कि, “इनेलो भाजपा की बी-टीम नहीं है और ना ही वोट काटने वाली पार्टी. इनेलो ही भाजपा को हराने का काम करेगी.” उन्होंने केंद्र सरकार पर स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू नहीं करने और किसानों पर काले कानून थोपने का आरोप भी लगाया.

Leave A Reply

Your email address will not be published.