नोएडा: महामाया फ्लाईओवर पर हादसा, खराब ट्रक ठीक कर रहे चालक की मौत

नोएडा एक्सप्रेसवे पर महामाया फ्लाईओवर के पास खराब ट्रक की मरम्मत कर रहे चालक और हेल्पर को अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी। हादसे में चालक गोपीचंद्र की मौत, हेल्पर घायल।

नोएडा । महामाया फ्लाईओवर के निकट खराब ट्रक की मरम्मत कर रहे चालक और हेल्पर को वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में ट्रक चालक की मौत हो गई, जबकि हेल्पर का गंभीर हालत में उपचार चल रहा है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जिला फतेहपुर के सरकंडी गांव निवासी कुलदीप सोनकर ने पुलिस को बताया कि उसके ससुर गोपीचंद्र 24 मई की सुबह करीब छह बजे ट्रक चलाकर हेल्पर राजू के साथ दिल्ली जा रहे थे। वह ग्रेटर नोएडा से एक्सप्रेसवे के रास्ते जा रहे थे। जैसे ही महामाया फ्लाईओवर से करीब 150 मीटर आगे पहुंचे तो ट्रक में तकनीकी खराबी आ गई।

ट्रक सड़क किनारे रुक गया। जैसे ही गोपीचंद्र और राजू ट्रक से उतरकर खराबी की जांच करने लगे तो पीछे से हरियाणा नंबर के वाहन ने दोनों को टक्कर मार दी। इसके चलते दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां गोपीचंद्र की उपचार के दौरान मौत हो गई। राजू का गंभीर हालत में उपचार चल रहा है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया। पुलिस का कहना है कि वाहन नंबर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.