रेवाड़ी डिजिटल अरेस्ट ठगी मामला: 1.89 करोड़ की लूट में 11वां आरोपी गिरफ्तार

रेवाड़ी पुलिस ने 1.89 करोड़ की साइबर ठगी मामले में 11वें आरोपी अमर शर्मा को दबोचा। धारूहेड़ा के दंपति को 'डिजिटल अरेस्ट' कर मनी लॉन्ड्रिंग के नाम पर की थी ठगी।

रेवाडी: साइबर क्राइम थाना रेवाड़ी पुलिस ने धारूहेड़ा सेक्टर-6 निवासी एक दंपति को डिजिटल अरेस्ट कर 1.89 करोड़ रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है. आरोपी की पहचान जिला गुरुग्राम के अशोक विहार फेस 3 निवासी अमर शर्मा के रूप में हुई है. पुलिस इस मामले में दस आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है.

दंपति से साइबर ठगी का मामला: धारूहेड़ा सेक्टर-6 निवासी एक सेवानिवृत्त कर्मचारी राजपाल सिंह ने अपनी शिकायत में बताया था कि गत 27 व 28 फरवरी को उसके फोन पर अनजान व्यक्ति के फोन आए. फोन करने वाले ने खुद को ट्राई सर्विस से बताते हुए कहा कि उसकी सिम बंद होने वाली है. उसकी आईडी से गलत ढंग से सिम खरीदी गई है. उसके खिलाफ मुबंई में एफआईआर दर्ज है. उसे बताया गया कि उसके नंबर से न्यूड फोटो और वीडियो भेजे जा रहे हैं.

डिजिटल अरेस्ट कर ठगी: इसके बाद एक अन्य नंबर से आए फोन पर खुद को सीबीआई इंस्पेक्टर बताने वाले शख्स ने कहा कि उसे डिजिटल अरेस्ट किया गया है. अगर वह बचना चाहता है, तो उसके बताए गए खाता नंबरों पर पैसे ट्रांसफर करने होंगे. शुरू में उसने कुछ रकम ट्रांसफर की, तो उसे मनी लार्डिंग के केस में फंसाने की धमकी देने हुए और पैसे ट्रांसफर करा लिए. उसे और उसकी पत्नी को घर से बाहर नहीं निकलने और किसी से संपर्क नहीं करने को कहा गया.

1 करोड़ 89 लाख से ज्यादा की ठगी: पीड़ित ने बताया कि उसे बार-बार डराकर 3 मार्च से 20 अप्रैल तक कुल 1 करोड़ 89 लाख 28 हजार रुपये विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर करा दिए. उसके फोन पर एक एप डाउनलोड कराने के बाद निगरानी रखी गई, जिससे वह और उसकी पत्नी कमरे में बंधक बने रहे. एप डाउनलोड कराने के बाद उसे और उसकी पत्नी को ऑनलांइन पुलिसकर्मी, हथियार, कोर्ट, जज और फर्जी रसीद दिखाए गए. फर्जी जज ने प्रॉपटी की वेरिफिकेशन करते हुए उसे बेचने और 70 प्रतिशत राशि सरकारी खजाने में जमा कराने को कहा.

11वां आरोपी गिरफ्तार: पुलिस ने साइबर थाना रेवाड़ी में ठगी का मामला दर्ज करके मामले में संलिप्त दस आरोपियों को पहले की काबू कर लिया था. अब इस मामले में पुलिस ने अमर शर्मा को भी गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी अमर शर्मा ने साइबर ठगों को बैंक खाता मुहैया कराने में मध्यस्थ की भूमिका निभाई थी. पुलिस ने आरोपी को पेश अदालत करके पूछताछ के लिए एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है. पुलिस द्वारा इस मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी जल्द की जाएगी.

Leave A Reply

Your email address will not be published.