फरीदाबाद: राजीव कॉलोनी में पुलिस की बड़ी रेड; ब्लैक कमांडो और डॉग स्क्वायड ने डाली दबिश

फरीदाबाद के बल्लभगढ़ में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस का विशेष सर्च ऑपरेशन। राजीव कॉलोनी की घेराबंदी कर कमांडो और डॉग स्क्वायड ने संदिग्ध घरों की तलाशी ली।

फरीदाबाद : फरीदाबाद के बल्लभगढ़ क्षेत्र में सेक्टर-56 के पास स्थित राजीव कॉलोनी में बुधवार सुबह पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ विशेष सर्च ऑपरेशन चलाया। सुबह करीब 5 बजे शुरू हुए इस अभियान में क्राइम ब्रांच, स्थानीय पुलिस, ब्लैक कमांडो, डॉग स्क्वायड और महिला पुलिसकर्मियों की टीम ने हिस्सा लिया। पुलिस ने पूरी कॉलोनी की घेराबंदी कर संदिग्ध घरों और व्यक्तियों की जांच की। राजीव कॉलोनी में पिछले काफी समय से नशा बेचने और तस्करी की शिकायतें मिल रही थीं।

PunjabKesari

स्थानीय लोगों द्वारा भी इलाके में संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी दी जा रही थी। इन्हीं शिकायतों के आधार पर पुलिस ने यह कार्रवाई की। करीब दो घंटे तक चले अभियान के दौरान पुलिस टीम ने कॉलोनी के विभिन्न हिस्सों में जाकर तलाशी ली और कई संदिग्ध घरों की जांच की। CIA बदरपुर बॉर्डर इंचार्ज जितेंद्र कुमार ने बताया कि यह अभियान नशा तस्करी पर रोक लगाने के उद्देश्य से चलाया गया था। उन्होंने कहा कि जिन घरों पर संदेह था, वहां रहने वाले लोगों से पूछताछ की गई और आवश्यक जानकारी जुटाई गई। महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में महिलाओं से भी पूछताछ की गई, जबकि डॉग स्क्वायड की मदद से कई स्थानों की जांच की गई।

हालांकि तलाशी के दौरान कोई नशीला पदार्थ बरामद नहीं हुआ, लेकिन पुलिस ने कई महत्वपूर्ण जानकारियां एकत्र की हैं। अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र में नशा तस्करी को रोकने के लिए आगे भी ऐसे अभियान चलाए जाएंगे। पुलिस ने चेतावनी दी है कि यदि कोई व्यक्ति नशा बेचते हुए पकड़ा गया तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर उसकी संपत्ति के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.