Delhi-Meerut Expressway: 6 और 7 जून को बंद रहेगा DME का यह हिस्सा, पढ़ें रूट डायवर्जन

NHAI के मरम्मत कार्य के चलते 6 और 7 जून को बंद रहेगा एक्सप्रेसवे का एक हिस्सा। गाजियाबाद ट्रैफिक पुलिस ने जारी किया नया रूट।

दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे (DME) से सफर करने वाले लाखों यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा एक्सप्रेसवे पर मरम्मत कार्य कराया जा रहा है, जिसके चलते 6 जून सुबह 7 बजे से 7 जून की रात तक एक्सप्रेसवे का एक हिस्सा यातायात के लिए बंद रहेगा। गाजियाबाद ट्रैफिक पुलिस ने इसे लेकर एडवाइजरी जारी करते हुए वाहन चालकों से वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की है।

एक्सप्रेसवे के इस हिस्से पर ट्रैफिक बैन

यातायात पुलिस के अनुसार दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर किलोमीटर 21.460 के पास मरम्मत कार्य किया जाना है। सड़क और यातायात सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आईएमएस कॉलेज (IMS College) से एबीईएस कॉलेज (ABES College) के बीच एक्सप्रेसवे पर यातायात पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। यह व्यवस्था 6 जून सुबह 7 बजे से लागू होकर 7 जून की रात तक प्रभावी रहेगी।

मेरठ से दिल्ली जाने वाले इस रूट का करें इस्तेमाल

ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि मेरठ से दिल्ली की ओर जाने वाले सभी हल्के और भारी वाहनों को आईएमएस कॉलेज के पास से डायवर्ट किया जाएगा। ये वाहन एनएच-9, लालकुआं और एबीईएस कॉलेज होते हुए आई.पी.एम. (IPM) के पास दोबारा दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर प्रवेश करेंगे।

यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाएं और अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें, क्योंकि डायवर्जन के कारण कुछ स्थानों पर ट्रैफिक दबाव बढ़ सकता है।

सुरक्षा के विशेष इंतजाम

गाजियाबाद ट्रैफिक पुलिस और NHAI ने संयुक्त रूप से निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। कार्यस्थल पर बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक, रिफ्लेक्टिव साइनेज और यातायात कर्मियों की तैनाती की जाएगी, ताकि यातायात संचालन सुचारू बना रहे और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो।

पुलिस की अपील

यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने, ट्रैफिक कर्मियों के निर्देशों का अनुपालन करने और जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है। विशेष रूप से भारी और मालवाहक वाहनों को डायवर्जन व्यवस्था का पालन करने को कहा गया है।

पुलिस ने बताया कि पूरे समय यातायात व्यवस्था पर नजर रखी जाएगी और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त प्रबंध भी किए जाएंगे। किसी भी तरह की जानकारी या सहायता के लिए यातायात पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर 9643322904 पर संपर्क किया जा सकता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.