गाजियाबाद: होटल के कमरे में मिला युवती का शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
भूड़भारत नगर के एक होटल में रश्मि नामक युवती का शव फंदे पर लटका मिला। सीसीटीवी में दिखा नदीम नाम का युवक, पुलिस हिरासत में लेकर कर रही पूछताछ।
गाजियाबाद के भूड़भारत नगर स्थित एक होटल के कमरे में 20 वर्षीय युवती का शव फंदे पर लटका मिलने से सनसनी मच गई। सूचना पर पहुंची विजयनगर थाना पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़कर शव बाहर निकाला और पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। वहीं, युवती के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमॉर्टम करा रही है। वहीं, युवती के संपर्क में रहे एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, मृतका की पहचान सुंदरपुरी निवासी रश्मि के रूप में हुई है। जांच में सामने आया है कि रश्मि गुरुवार को भूड़भारत नगर स्थित अंश होटल में ठहरी थी। होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में वह बुधवार रात करीब 1 बजे अकेले होटल में आती हुई दिखाई दी है। होटल में कमरा लेने के कुछ समय बाद उसने अपने एक परिचित कैलाश नगर निवासी नदीम को फोन कर बुलाया था।
डेढ़ घंटे युवती के साथ कमरे में रहा नदीम
पुलिस जांच में पता चला है कि नदीम करीब डेढ़ घंटे तक युवती के साथ कमरे में रहा। इसके बाद वह होटल से चला गया, जबकि रश्मि वहीं रुक गई। होटल कर्मचारियों के मुताबिक युवक के जाने के बाद भी युवती सामान्य दिखाई दी थी। शाम के समय उसे होटल परिसर में टहलते हुए भी देखा गया था। देर रात तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने और अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर होटल कर्मचारियों को संदेह हुआ। उन्होंने कई बार दरवाजा खटखटाया और आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर कमरे की तलाशी ली तो युवती का शव फंदे पर लटका मिला।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
घटना की सूचना पर फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और कमरे से साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने होटल के सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि युवती की गतिविधियों और उससे मिलने वाले लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि युवक के जाने के बाद किसी अन्य व्यक्ति की कमरे तक पहुंच हुई थी या नहीं। मृतका के परिजनों ने युवती की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि जिस युवक से उसकी मुलाकात हुई थी, उसी की भूमिका संदिग्ध है। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
होटल में मिलने आए युवक से पूछताछ जारी
एसीपी कोतवाली उपासना पांडेय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत का कारण जानने के लिए शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। होटल में मिलने आए परिचित युवक से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।