फरीदाबाद: गाजीपुर मैदान में युवक का खून से लथपथ शव मिला, हत्या की आशंका
फरीदाबाद के डबुआ क्षेत्र (गाजीपुर) में 22-25 वर्षीय अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी। शरीर पर चाकू के निशान, जांच में जुटी पुलिस।
फरीदाबाद: फरीदाबाद के डबुआ थाना क्षेत्र के गाजीपुर इलाके में शनिवार सुबह एक अज्ञात युवक का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. युवक की उम्र करीब 22 से 25 वर्ष के बीच बताई जा रही है. घटनास्थल पर काफी खून फैला हुआ था, जबकि युवक के शरीर पर कई गंभीर चोटों के निशान पाए गए. प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है.
सुबह दौड़ लगाने पहुंचे लोगों ने देखा शव: स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह कुछ युवक और अन्य नागरिक सैर व दौड़ लगाने के लिए खाली मैदान में पहुंचे थे. इसी दौरान उनकी नजर औंधे मुंह पड़े एक युवक पर पड़ी. लोगों ने उसके पास जाकर स्थिति जानने की कोशिश की, लेकिन उसमें किसी प्रकार की हरकत नहीं हुई. इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई.
शरीर पर मिले कई गहरे घाव: प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मृतक ने सफेद रंग की शर्ट और नीले रंग की पैंट पहन रखी थी. उसके चेहरे, छाती और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटों के निशान थे. स्थानीय लोगों का कहना है कि युवक पर किसी नुकीले हथियार या चाकू से कई बार हमला किया गया प्रतीत होता है. मृतक का चेहरा गमछे से ढका हुआ मिला, जिससे हत्या की आशंका और मजबूत हो गई.
स्थानीय लोगों ने जताई आशंका: स्थानीय निवासी मनीष ने बताया, “सुबह दौड़ लगाने आए युवकों ने सबसे पहले शव को देखा था. उन्होंने युवक को उठाने और उसकी स्थिति जानने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. इस मैदान और आसपास के क्षेत्र में अक्सर लोग शराब पीने आते हैं, लेकिन मृतक के पास से ऐसी कोई वस्तु नहीं मिली जिससे उसकी मौजूदगी का कारण स्पष्ट हो सके.”
पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य: घटना की सूचना मिलते ही डबुआ थाना प्रभारी संग्राम दहिया पुलिस टीम, क्राइम ब्रांच और फोरेंसिक विशेषज्ञों के साथ मौके पर पहुंचे. टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य एकत्र किए. आसपास के क्षेत्र की भी जांच की गई ताकि घटना से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग जुटाए जा सकें.
हत्या की आशंका: थाना प्रभारी संग्राम दहिया ने बताया कि, “युवक के शरीर पर कई चोटों के निशान पाए गए हैं. प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि उसकी हत्या किसी नुकीली वस्तु से हमला कर की गई है. मृतक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं. आसपास के लोगों को शव दिखाया गया, लेकिन अभी तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है.”
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही जांच टीम: फोरेंसिक जांच पूरी होने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए एनआईटी-3 स्थित ईएसआई अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया गया. पुलिस अब मृतक की पहचान, हत्या के कारणों और आरोपियों तक पहुंचने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है.