Google Chrome Update: क्रोम का अब तक का सबसे बड़ा सिक्योरिटी अपडेट, 429 खामियां ठीक
गूगल क्रोम का सबसे बड़ा सुरक्षा अपडेट जारी। AI की मदद से रिकॉर्ड 429 कमजोरियां ठीक, नए PDF फीचर्स भी शामिल। तुरंत करें अपडेट।
गूगल ने अपने क्रोम ब्राउजर के लिए अब तक का सबसे बड़ा सिक्योरिटी अपडेट जारी किया है. नए क्रोम 149 अपडेट में रिकॉर्ड 429 सिक्योरिटी कमजोरियों को ठीक किया गया है, जिनमें 22 क्रिटिकल खामियां भी शामिल हैं. अच्छी बात यह है कि गूगल के अनुसार इन कमजोरियों का अब तक किसी साइबर हमले में इस्तेमाल नहीं किया गया है. इस अपडेट के साथ यूजर्स को बेहतर सुरक्षा के अलावा पीडीएफ फाइलों में नोट्स और डिजिटल साइन जैसे नए फीचर्स भी मिल रहे हैं. ऐसे में सुरक्षा के लिहाज से सभी यूजर्स के लिए जल्द से जल्द ब्राउजर अपडेट करना जरूरी हो गया है.
429 कमजोरियां ठीक, 22 क्रिटिकल खामियों पर लगा ब्रेक
क्रोम रिलीज ब्लॉग के अनुसार, गूगल ने क्रोम 149 में कुल 429 सिक्योरिटी कमजोरियों को ठीक किया है, जो किसी एक अपडेट में अब तक की सबसे बड़ी संख्या है. इनमें 22 कमजोरियों को क्रिटिकल कैटेगरी में रखा गया है, जबकि 87 हाई रिस्क, 226 मीडियम रिस्क और 94 लो रिस्क कैटेगरी की हैं. गूगल का कहना है कि इनमें से 371 कमजोरियों की पहचान कंपनी ने खुद की, जबकि बाकी बाहरी सिक्योरिटी रिसर्चर्स ने खोजीं. इन शोधकर्ताओं को अब तक कुल 2.09 लाख डॉलर का इनाम भी दिया गया है. कंपनी के अनुसार अभी तक किसी भी कमजोरी का वास्तविक साइबर हमले में इस्तेमाल होने की जानकारी सामने नहीं आई है, जो यूजर्स के लिए राहत की बात है.
पीडीएफ व्यूअर हुआ और स्मार्ट
क्रोम 149 में सबसे बड़ा नया फीचर इसके बिल्ट-इन पीडीएफ व्यूअर में देखने को मिला है. अब यूजर्स केवल पीडीएफ फॉर्म भरने तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि दस्तावेजों पर नोट्स लिख सकेंगे और डिजिटल साइन भी कर पाएंगे. गूगल धीरे-धीरे अपने पीडीएफ व्यूअर को एक छोटे पीडीएफ एडिटर में बदल रहा है. यह सुविधा पहले से फायरफॉक्स ब्राउजर में उपलब्ध थी. वहीं वर्टिकल टैब और फुल-स्क्रीन रीडिंग मोड जैसे फीचर्स की भी उम्मीद थी, लेकिन फिलहाल ये सभी यूजर्स के लिए उपलब्ध नहीं हुए हैं. गूगल आने वाले अपडेट्स में इन सुविधाओं को और व्यापक रूप से जारी कर सकता है.
एआई ने खोजीं सैकड़ों खामियां, जल्द आएगा क्रोम 150
गूगल का मानना है कि इस बार रिकॉर्ड संख्या में कमजोरियों की पहचान करने में एआई आधारित सिक्योरिटी टूल्स, खासकर “बिग स्लीप” जैसे सिस्टम्स ने अहम भूमिका निभाई है. सबसे ज्यादा 110 खामियां यूज-आफ्टर-फ्री कैटेगरी की थीं, जबकि 88 मामलों में इनपुट वैलिडेशन से जुड़ी समस्याएं और 60 मामलों में गलत इम्प्लीमेंटेशन से जुड़ी कमजोरियां मिलीं. वेबजीएल लाइब्रेरी एंगल में सबसे ज्यादा 37 खामियां पाई गईं. इसके अलावा एक्सटेंशन इंटरफेस और मीडिया हैंडलिंग से जुड़े कई सुरक्षा दोष भी ठीक किए गए हैं. गूगल ने एंड्रॉयड और आईओएस के लिए भी नए क्रोम अपडेट जारी कर दिए हैं. वहीं क्रोम 150 के जून के अंत तक आने की उम्मीद है, जिसमें और नए फीचर और सुरक्षा सुधार देखने को मिल सकते हैं.