NCR Green Revolution: राव नरबीर सिंह ने 1000 इलेक्ट्रिक वाहनों को दिखाई हरी झंडी

विश्व पर्यावरण दिवस पर मंत्री राव नरबीर सिंह ने दिल्ली भारत मंडपम से 1000 'मेड इन इंडिया' इलेक्ट्रिक वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

चंडीगढ़: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वन एवं पर्यावरण मंत्री राव नरबीर सिंह ने नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम से 1000 ‘मेड इन इंडिया’ इलैक्ट्रिक वाहनों के बेड़े को हरी झंडी दिखाकर एन.सी.आर. क्षेत्र में हरित परिवहन क्रांति का शुभारंभ किया।

राव नरबीर ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार पर्यावरण संरक्षण, हरित ऊर्जा और स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा देने के लिए दूरदर्शी एवं प्रभावी कदम उठा रही है। उन्होंने ग्रीन एम.एस. इंडिया तथा विंग गुरु ज्वाइंट स्टॉक कम्पनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि निजी क्षेत्र की ऐसी भागीदारी वायु प्रदूषण की चुनौती से निपटने और पर्यावरण संरक्षण के लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल आर्थिक विकास तक सीमित नहीं है बल्कि भावी पीढ़ियों को स्वच्छ हवा, बेहतर पर्यावरण और गुणवत्तापूर्ण जीवन उपलब्ध करवाना भी है। पर्यावरण संरक्षण और आर्थिक प्रगति एक-दूसरे के पूरक हैं तथा हरित प्रौद्योगिकी, स्वच्छ ऊर्जा और इलैक्ट्रिक मोबिलिटी भविष्य की अनिवार्य आवश्यकता बन चुकी हैं।

राव नरबीर ने बताया कि राज्य सरकार इलैक्ट्रिक मोबिलिटी को बढ़ावा देने के लिए चार्जिंग इन्फ्रास्ट्रक्चर का तेजी से विस्तार कर रही है। रेवाड़ी और पंचकूला में हरियाणा परिवहन के लिए अत्याधुनिक इलैक्ट्रिक बस चार्जिंग डिपो स्थापित किए जा रहे हैं जबकि राष्ट्रीय राजमार्गों पर भी इलैक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग स्टेशन विकसित किए गए हैं। इस वर्ष की थीम ‘प्रकृति से प्रेरित-जलवायु के लिए, हमारे भविष्य के लिए’ निर्धारित की गई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.