जूई: दान की जमीन और हवेली पर कब्जे का विवाद, पंचायत में गरमाया मामला
जूई में दान में मिली 7 एकड़ जमीन और पुरानी हवेली पर कब्जे को लेकर विवाद। पंचायत में पीड़ित परिवार ने पूर्व सरपंच पर लगाए गंभीर आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच।
जूई। दान में मिली सात एकड़ खेतिहर भूमि और पुश्तैनी हवेली के स्वामित्व को लेकर विवाद गहरा गया है। मामले को लेकर जूई कलां के राजकीय पशु अस्पताल में जूई कलां, जूई खुर्द और जूई बिचली के ग्रामीणों की संयुक्त पंचायत आयोजित की गई। पंचायत की अध्यक्षता होशियार सिंह भांबू ने की।
आरोप है कि गांव के पूर्व सरपंच रणबीर मलिक एवं उनके परिवार ने हवेली को समतल करने के बाद उस पर निर्माण कार्य शुरू कर दिया है तथा संबंधित खेतिहर भूमि पर भी कब्जा कर रखा है।
पंचायत ने थाना प्रभारी ओमप्रकाश यादव को मौके पर बुलाया। थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों पक्षों से जमीन संबंधी दस्तावेज मांगे गए हैं तथा दो दिन के भीतर जांच पूरी कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
लगाए गए सभी आरोप निराधार : पूर्व सरपंच
पूर्व सरपंच रणबीर मलिक ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि संबंधित जमीन और मकान उन्होंने विधिवत खरीद रखे हैं। उन्होंने कहा कि गांव के प्लॉट लाल डोरे के अंतर्गत आते हैं और बिना कारण मामले को बढ़ा-चढ़ाकर प्रस्तुत किया जा रहा है। पंचायत ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने तथा कानून के अनुसार कार्रवाई करने की मांग की है। इस अवसर पर रोशन लाम्बा, सुरेश शर्मा, पूर्व सरपंच राजपाल सिंह, बृजेश बीडीसी, नरेश रापड़िया उपस्थित थे।