HTET रिजल्ट अपडेट: बायोमेट्रिक सत्यापन के लिए बोर्ड दफ्तर पर हंगामा
हरियाणा बोर्ड में HTET अभ्यर्थियों ने बायोमेट्रिक मिलान न होने पर किया हंगामा। करीब 4000 छात्रों का रिजल्ट अटका। बोर्ड ने वीडियो मिलान का दिया आश्वासन।
भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड मुख्यालय पर सोमवार को हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा 2025 (एचटेट) के अभ्यर्थियों ने बायोमेट्रिक मिलान न होने की समस्या को लेकर अधिकारियों का घेराव किया और जमकर हंगामा किया। अभ्यर्थियों का आरोप है कि वे लंबे समय से चक्कर लगा रहे हैं लेकिन उनकी बायोमेट्रिक सत्यापन प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही है जिसके चलते करीब चार हजार अभ्यर्थियों का परीक्षा परिणाम अटका हुआ है।
एचटेट अभ्यर्थी अजय कुमार, दिनेश, महावीर, कर्मचंद और दयानंद ने कहा कि उन्होंने पहले भी बायोमेट्रिक कराई थी लेकिन फिंगर प्रिंट का मिलान नहीं हो पाया। इसके बाद दोबारा बायोमेट्रिक कराई गई लेकिन समस्या जस की तस बनी रही। स्वीटी ने बताया कि वह गुजरात से आई है और उसे भिवानी पहुंचने में दो दिन लगे साथ ही उसके दो छोटे बच्चे भी साथ हैं फिर भी उसकी बायोमेट्रिक का मिलान नहीं हो पाया।
ये बायोमेट्रिक मिलान के लिए अभ्यार्थियों को अंतिम मौका दिया गया था। परीक्षा के समय बारिश हुई थी उसी के चलते इनकी बायोमेट्रिक सही से नहीं हुई थी। बायोमेट्रिक मिलान न होने वाले अभ्यर्थियों की मैचिंग लैब में वीडियो कर करवाई जाएगी। अभी तक पेपर लेने वाली एजेंसी का बोर्ड ने कोई भुगतान नहीं किया है। किसी अभ्यर्थी के साथ अन्याय नहीं होगा। लैब में पेपर देने समय की वीडियो से चेहरे व फोटो का मिलान होते ही इनका परिणाम जारी कर दिया जाएगा।