दिल्ली मेट्रो का बड़ा धमाका: अब 800 मीटर लंबे सब-वे से जुड़ेंगे स्टेशन
दिल्ली मेट्रो के फेज-5A में बन रहा देश का सबसे लंबा 800 मीटर का सब-वे। राजीव चौक और शिवाजी स्टेडियम जुड़ेंगे, एयरपोर्ट जाना होगा बेहद आसान। 2029 तक पूरा होगा काम।
दिल्ली-एनसीआर में रहने वाले और मेट्रो से सफर करने वाले लाखों यात्रियों के लिए एक बेहद शानदार खबर है. दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) अपने फेज-5A के तहत एक अभूतपूर्व प्रोजेक्ट पर काम कर रही है. आरके आश्रम से इंद्रप्रस्थ के बीच बन रहे सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर पर शिवाजी स्टेडियम के पास एक नया मेट्रो स्टेशन बनाया जाएगा. यह नया स्टेशन एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन के मौजूदा स्टेशन के साथ इंटरचेंज का काम करेगा.
इस पूरे प्रोजेक्ट की सबसे बड़ी खासियत ये है कि शिवाजी स्टेडियम से राजीव चौक मेट्रो स्टेशन के बीच 800 मीटर लंबा एक भव्य सबवे बनाया जाएगा. निर्माण पूरा होने पर यह दिल्ली मेट्रो का अब तक का सबसे लंबा सब-वे होगा. इस नए सब-वे के बन जाने से राजीव चौक और शिवाजी स्टेडियम के बीच कनेक्टिविटी सीधे तौर पर जुड़ जाएगी.
वैशाली, नोएडा और आनंद विहार से एयरपोर्ट पहुंचना होगा आसान
फिलहाल, शिवाजी स्टेडियम स्टेशन एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन का हिस्सा तो है, लेकिन यह राजीव चौक मेट्रो स्टेशन से सीधे तौर पर कनेक्टेड नहीं है. इस वजह से आनंद विहार, वैशाली, लक्ष्मी नगर या नोएडा की तरफ से आने वाले यात्रियों को इंदिरा गांधी इंटरनेशनल (IGI) एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 और टर्मिनल-2 पर जाने के लिए राजीव चौक और नई दिल्ली स्टेशन पर कई बार मेट्रो बदलनी पड़ती है.
लेकिन, इस 800 मीटर लंबे सबवे के बन जाने के बाद यह परेशानी पूरी तरह खत्म हो जाएगी. अब इन इलाकों के यात्री सीधे राजीव चौक पर उतरकर इस नए सबवे के जरिए शिवाजी स्टेडियम स्टेशन पहुंच सकेंगे और वहां से चंद मिनटों में एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन की मेट्रो पकड़ सकेंगे.
पैदल चलने की टेंशन खत्म, मिलेगी ट्रैवलेटर की हाईटेक सुविधा
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दिल्ली मेट्रो इस 800 मीटर लंबे सबवे में ‘ट्रैवलेटर’ (चलायमान वॉकवे) की सुविधा भी देने जा रही है. इसका सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि बुजुर्गों, बच्चों और भारी सामान लेकर चलने वाले हवाई यात्रियों को दोनों स्टेशनों के बीच आवागमन के दौरान ज्यादा पैदल चलने की जरूरत नहीं पड़ेगी. यात्री ट्रैवलेटर पर खड़े होकर बेहद आसानी और आराम से एक स्टेशन से दूसरे स्टेशन तक का सफर तय कर लेंगे.
राजीव चौक मेट्रो स्टेशन पर कम होगी भारी भीड़
मौजूदा समय में कश्मीरी गेट के बाद राजीव चौक दिल्ली मेट्रो का दूसरा सबसे व्यस्त और भीड़भाड़ वाला स्टेशन है. रोजाना लाखों यात्री यहां इंटरचेंज के लिए आते हैं. DMRC का मानना है कि सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर पर आरके आश्रम और इंद्रप्रस्थ के इंटरचेंज स्टेशन के रूप में विकसित होने और इस नए सबवे के निर्माण से राजीव चौक स्टेशन पर यात्रियों का दबाव काफी हद तक कम हो जाएगा.
2029 तक पूरा होगा काम, सभी स्टेशन होंगे अंडरग्राउंड
डीएमआरसी (DMRC) के मुताबिक, 9.913 किलोमीटर लंबे इस आरके आश्रम-इंद्रप्रस्थ कॉरिडोर (सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर) पर जमीनी स्तर पर काम शुरू कर दिया गया है. यह पूरा कॉरिडोर अंडरग्राउंड (भूमिगत) होगा, जिस पर कुल 9 मेट्रो स्टेशन बनाए जा रहे हैं. इस पूरे प्रोजेक्ट को साल 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. इस कॉरिडोर के सभी स्टेशनों के प्लेटफॉर्म को इस तरह डिजाइन किया जा रहा है कि वहां से 6 कोच वाली मेट्रो ट्रेनों का परिचालन आसानी से किया जा सके.
सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर पर बनने वाले 9 स्टेशन
- शिवाजी स्टेडियम
- युगे युगीन भारत
- केंद्रीय सचिवालय
- कर्तव्य भवन
- इंडिया गेट
- वॉर मेमोरियल हाई कोर्ट
- बड़ौदा हाउस
- भारत मंडपम
- इंद्रप्रस्थ
इस कॉरिडोर पर होंगे 4 बड़े इंटरचेंज स्टेशन
- शिवाजी स्टेडियम: यह एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन के साथ इंटरचेंज स्टेशन बनेगा.
- केंद्रीय सचिवालय: यह येलो और वायलेट लाइन के साथ यात्रियों को इंटरचेंज की सुविधा देगा.
- इंद्रप्रस्थ: यहां से यात्री ब्लू लाइन के लिए मेट्रो बदल सकेंगे.
- आरके आश्रम: यह भी ब्लू लाइन के साथ इंटरचेंज स्टेशन के रूप में जुड़ेगा.
इस नए रूट और सबवे के शुरू होने से दिल्ली-एनसीआर का पब्लिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम और भी ज्यादा हाईटेक और पैसेंजर-फ्रेंडली हो जाएगा.