नोएडा सिटी बस सेवा: CM योगी ने दी 11 बसों की सौगात, देखें नए रूट और किराया

सीएम योगी आदित्यनाथ ने नोएडा को दी 11 नई सिटी बसों की सौगात। 41 सीटों वाली AC बसें, सीसीटीवी और मोबाइल चार्जिंग सुविधा। जानें नए रूट और बढ़ा हुआ किराया।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को गौतमबुद्ध नगर जिले के लोगों को 11 सिटी बसों का तोहफा देंगे। वह लखनऊ से वर्चुअल रूप से नोएडा सिटी बस सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। हर बस में यात्रियों के बैठने के लिए 41 सीटें होंगी। इन बसों में सुरक्षा के लिए जहां सीसीटीवी कैमरे लगे होंगे, वहीं, यात्रियों की सुविधा के लिए मोबाइल चार्जिंग का भी इंतजाम होगा।

पहले 10 बसें चलाने की तैयारी ही थी। अब 11 बसों के संचालन को मंजूरी मिल गई है। इनमें से कुछ बसे नोएडा से जेवर एयरपोर्ट बस के रूट पर भी चलाई जाएंगी। गुरुवार को प्राधिकरण की एईसीओ वंदना त्रिपाठी, एसीईओ सतीश पाल समेत तमाम अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारी और कर्मियों को जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए।

बसों के उद्घाटन कार्यक्रम में जिले के जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। नोएडा सेक्टर-33ए स्थित शिल्प हाट में सिटी बसों का शुभारंभ कार्यक्रम होना है। उद्घाटन कार्यक्रम में नोएडा के सांसद डॉ. महेश शर्मा, नोएडा विधायक पंकज सिंह, नोएडा प्राधिकरण के सीईओ कृष्ण करुणेश, भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, महानगर अध्यक्ष महेश चौहान समेत अन्य अधिकारी शामिल रहेंगे।

नोएडा बस रूट

● रूट नंबर-1 : बॉटेनिकल गार्डन से सिटी सेंटर से सीधे होशियारपुर होते हुए ग्रेटर नोएडा वेस्ट में एक मूर्ति तक।

● रूट नंबर-2- बॉटेनिकल गार्डन से ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे होकर परी चौक, गलगोटिया यूनिवर्सिटी, दनकौर, एयरपोर्ट तक।

● रूट नंबर-3- बॉटेनिकल गार्डन से अगाहपुर, बरौला होकर सेक्टर-50 मेट्रो स्टेशन से फेज-2 और सूरजपुर तक।

● रूट नंबर-4- बॉटेनिकल गार्डन से सेक्टर-52, सेक्टर-62, गाजियाबाद प्रताप विहार होकर आरआरटीएस स्टेशन तक।

सिटी बसों में किस तरह से मिलेगी टिकट

क्या बसों में ऑनलाइन टिकट बुकिंग की सुविधा होगी?
अभी इस पर कोई जानकारी उपलब्ध नहीं है

नोएडा बस किराया

सिटी बसों का किराया अंतिम दिन गुरुवार को बढ़ा दिया गया। पूर्व में न्यूनतम किराया 10 रुपये और अधिकतम किराया 30 रुपये निर्धारित किया गया था। अब किराये में वृद्धि कर न्यूनतम किराया 20 रुपये और अधिकतम किराया 50 रुपये कर दिया गया है।

बसों में लगे होंगे एसी

शहर में चलने वाली सिटी बसों की क्षमता 41 सीट की होगी। गर्मियों में ये बसें काफी आरामदायक साबित होंगी। सभी बसें वातानुकूलित होने की वजह से सवारियों को गर्मी से राहत मिलेगी। बसों में चार्जिंग की व्यवस्था भी है। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरे से भी हैं।

चालक-परिचालक भर्ती किए जाएंगे

नोएडा-ग्रेनो डिपो में चालक और परिचालकों की भर्ती होगी। संविदा पर चालक और परिचालक भर्ती किए जाएंगे। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम गौतमबुद्ध नगर के क्षेत्रीय प्रबंधक मनोज कुमार ने कहा कि 15 जून से लगभग 100 ई-बसें जिले की सड़कों पर दौड़ेंगी।

ग्रेटर नोएडा में परीक्षण किया गया

ग्रेटर नोएडा में कार्यक्रम का आयोजन प्राधिकरण दफ्तर में किया जाएगा। विधायक तेजपाल नागर सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में कार्यक्रम होगा। ई- बस सेवा शुरू होने से पहले गुरुवार को ग्रेटर नोएडा के कुछ मार्गों पर परीक्षण किया गया। इसका उद्देश्य प्रस्तावित मार्गों पर यातायात की स्थिति का आकलन और चालकों को मार्गों की जानकारी देना था। प्राधिकरण के अर्बन सर्विसेज विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक सन्नी यादव ने बताया कि परीक्षण सफल रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.