हरियाणा वेदर अपडेट: भीषण गर्मी से राहत, 18 जिलों में बारिश का अलर्ट

हरियाणा में गर्मी और हीटवेव से बड़ी राहत! तेज आंधी-बारिश से तापमान में भारी गिरावट। मौसम विभाग ने 18 जिलों के लिए जारी किया येलो अलर्ट।

चंडीगढ़: हरियाणा में पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और हीटवेव के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है. राज्य के विभिन्न हिस्सों में तेज आंधी और बारिश के चलते लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली है. मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घंटों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे दिन और रात दोनों का मौसम सुहावना हो गया है.

तापमान में दर्ज हुई बड़ी गिरावट: मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 5.1 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया है, जबकि औसत न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 4.9 डिग्री सेल्सियस कम रहा. दिन के तापमान में पिछले दिन की तुलना में 4.1 डिग्री और रात के तापमान में 4.2 डिग्री की कमी दर्ज की गई है. इससे लोगों को उमस और गर्म हवाओं से राहत मिली है.

रेवाड़ी से हिसार तक झमाझम बारिश: कल देर रात रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, हिसार, भिवानी और फतेहाबाद समेत कई जिलों में अच्छी बारिश हुई. इससे पहले आए तूफान के कारण फतेहाबाद और हिसार में नुकसान की खबरें सामने आई थीं. वहीं कुरुक्षेत्र में करंट लगने से एक दुकानदार की मौत हो गई. कई स्थानों पर पेड़ गिरने और बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की घटनाएं भी दर्ज की गईं.

18 जिलों में येलो अलर्ट जारी: मौसम विभाग ने शनिवार के लिए सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, पानीपत, सोनीपत, पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर और नूंह सहित 18 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है. इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है.

14 जून तक रहेगा मौसम का असर: मौसम विभाग के अनुसार 14 जून को भी कई जिलों में बूंदाबांदी और बादल छाए रहने की संभावना है. रविवार को सिरसा, फतेहाबाद और हिसार में धूलभरी आंधी और गरज-चमक को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है. हालांकि 15 और 16 जून से मौसम साफ होने और तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी की संभावना है.

करनाल सबसे ठंडा: प्रदेश में करनाल का अधिकतम तापमान सबसे कम 30.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि भिवानी 39.5 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म जिला रहा. न्यूनतम तापमान की बात करें तो महेंद्रगढ़ के नारनौल में सबसे कम 19.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. अधिकांश जिलों में रात का तापमान 21 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है.

Leave A Reply

Your email address will not be published.